Yamunotri Highway: भूस्खलन जोन ओजरी डाबरकोट में बनेगी डबल लेन सुरंग, हाईवे पर यात्रियों की राह होगी आसान
अब भूस्खलन जोन से निजात के लिए यहां डबल लेन सुरंग निर्माण के प्रयास शुरू हुई है। एनएच के अधिकारियों ने बताया कि सुरंग के सर्वे की कार्रवाई पूरी कर ली गई है जिसके बाद डीपीआर तैयार करने की कार्रवाई की जा रह है।
विस्तार
यमुनोत्री हाईवे पर अब भूस्खलन जोन ओजरी डाबरकोट यात्रियों की राह नहीं रोक पाएगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) भूस्खलन जोन में डबल लेन सुरंग बनाने जा रहा है। इसके लिए चारधाम सड़क परियोजना में तीन किलोमीटर सुरंग के एलाइनमेंट की अनुमति मिल गई है। इसके बाद एनएचएआई ने प्रस्तावित सुरंग निर्माण के लिए डीपीआर तैयार करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
डेढ़ दर्जन गांवों को भुगतना पड़ता है खामियाजा
यमुनोत्री हाईवे पर ओजरी डाबरकोट भूस्खलन जोन का स्थाई समाधान नहीं होने का खामियाजा ओजरी व गीठ पट्टी के करीब डेढ़ दर्जन गांवों को भी भुगतना पड़ता है। लोनिवि यहां वैकल्पिक मार्ग के नाम पर करीब एक करोड़ खर्च कर चुकी है लेकिन उस पर कभी आवाजाही नहीं हो सकी। वर्ष 2018 में गंगनाणी मेले में तत्कालीन सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने वैकल्पिक मोटरमार्ग की घोषणा की थी। यह घोषणा भी धरातल में नहीं उतर पाई। अब विभाग साढ़े चार किमी का वैकल्पिक मार्ग ओजरी तिर्खली कुनसाला से स्यानाचट्टी में यमुनोत्री हाईवे से जोड़ने की बात कह रहा है। संवाद
डाबरकोट में प्रस्तावित डबल लेन सुरंग निर्माण के लिए दिसंबर 2022 तक डीपीआर तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है जिसके बाद डीपीआर को मंजूरी मिलने की उम्मीद है। डीपीआर को मंजूरी मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
- राजेश पंत, अधिशासी अभियंता एनएच।