दुनिया में मशहूर वोल्वो उत्तराखंड में बनाएगी बस!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूरी दुनिया में मशहूर स्वीडन की वोल्वो अब उत्तराखंड में बस बनाने का संयंत्र खोलने की तैयारी में हैं। सोमवार को कंपनी के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री हरीश रावत और औद्योगिक सलाहकार रणजीत रावत से मुलाकात की। रणजीत सिंह रावत के मुताबिक वोल्वो भारत में करीब 25 हजार करोड़ रुपये का निवेश करने की योजना बना रही है। कंपनी प्रतिनिधि इसी के तहत उत्तराखंड में मिनी बसों के लिए कारखाना लगाने की तैयारी में हैं।
विशेष औद्योगिक पैकेज के तहत प्रदेश में ऑटो सेक्टर पांव जमा चुका है। इस सेक्टर की सहयोगी कंपनियों का भी अच्छा खासा कलस्टर प्रदेश में विकसित हो चुका है। ऐसे में वोल्वो का उत्तराखंड की ओर रुख करना प्रदेश सरकार को भी भा गया है।
औद्योगिक सलाहकार रणजीत सिंह रावत के मुताबिक वोल्वो के प्रतिनिधियों ने न सिर्फ मुख्यमंत्री हरीश रावत से बात की बल्कि परिवहन और अन्य विभागों के प्रमुख सचिवों से भी निवेश का जायजा लिया। कंपनी ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि उत्तराखंड में वह कितना निवेश करने की तैयारी में है।
पहाड़ के लिए छोटी बसों के निर्माण का आग्रह
कंपनी प्रतिनिधियों को उत्तराखंड में मिल रही रियायतों की पूरी जानकारी दी गई है। कंपनी प्रदेश में मिनी बसों का कारखाना स्थापित करना चाहती है। इस स्थिति को देखते हुए ही प्रदेश सरकार ने अपनी जरूरत को भी कंपनी से साझा किया है।
रणजीत रावत के मुताबिक कंपनी से आग्रह किया गया है कि सड़क दुर्घटनाओं की दृष्टि से सुरक्षित और पहाड़ के सफर के लिए आरामदायक बसों का निर्माण भी यहां किया जाए। वोल्वो प्रदेश के परिवहन विभाग के बेड़े में शामिल है पर पहाड़ी रूट के लिए ये बसें मुफीद नहीं हैं।
रणजीत रावत के मुताबिक वोल्वो कंपनी के पदाधिकारियों ने करीब 25 हजार करोड़ रुपये देश में निवेश करने की योजना बनाई है। यह अभी स्पष्ट नहीं है कि इनमें से कितना उत्तराखंड के खाते में आएगा। कंपनी पदाधिकारी प्रदेश की उद्योग नीति से संतुष्ट हैं। बिजली, जमीन और श्रम मुद्दों को लेकर कोई परेशानी न होने देने का आश्वासन कंपनी प्रतिनिधियों को दिया गया है।