मौसम अपडेटः फिलहाल मौसम साफ, लेकिन आज भी है चमक और गरज संग बारिश के आसार
उत्तराखंड के ज्यादातर क्षेत्रों में आज भी बारिश होने के आसार हैं। मौसम केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार कुछ स्थानों पर चमक और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं, मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से दो से चार डिग्री तक अधिक बने रहने की संभावना है।
हालांकि आज सुबह से ही राज्य के अधिकतर इलाकों में मौसम साफ रहा। देहरादून सहित आसपास के कई इलाकों में बादल छाए रहे। वहीं रुद्रप्रयाग से केदारनाथ धाम पर धूप खिली हुई है। चारधाम यात्रा मार्ग भी फिलहाल सुचारू है। कैलाश मानसरोवर यात्रा में आए 14वें दल के 58 यात्रियों को सकुशल धारचूला पहुंचा दिया गया है। ये यात्री रास्ता खराब होने के कारण गुंजी में रुके थे।
बरसात के बाद बदरीनाथ हाई पर सक्रिय हुए डेंजर जोन
चमोली जिले में पिछले दिनों हुई भारी बारिश के बाद ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर डेंजर जोन सक्रिय हो गये हैं। कई स्थानों पर लगातार मलबा गिर रहा है। पानी के जमाव से सड़कें धंस रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर आवाजाही करना खतरे से खाली नहीं है।
ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर कर्णप्रयाग के पास पंचपुलिया की पहाड़ियां सबसे ज्यादा खतरनाक डेंजर जोन है। करीब एक किमी तक सड़क के ऊपर ढीली परतदार चट्टानें हर समय खतरे को न्योता दे रही हैं। पूर्व में भी कई बार पंचपुलिया की पहाड़ियों से बोल्डर गिरने से हाईवे पर सफर करने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा है।
गलनाऊं में भी सड़क पर मिट्टी फैलने से वाहन फिसल रहे हैं। सड़क की ऊपरी पहाड़ी से बार-बार मलबा आ रहा है। इसके अलावा बेडाणू में हाईवे पर भूस्खलन हो रहा है। ग्रामीण शिव प्रसाद सती, रमेश, सुरेश आदि ने कहा कि यहां पर कई सालों से सड़क धंस रही है, बार-बार मिट्टी डालकर अस्थाई व्यवस्था की जाती है, जिससे बरसात के दौरान फिर से भूस्खलन सक्रिय हो जाता है। देवलीबगड़ और कर्णप्रयाग-ग्वालदम सड़क पर कालजाबर और मौणा-छीड़ा और गंगा नगर के स्लाइड जोन से भी बरसात में बार-बार सड़क अवरुद्ध हो रही है।