मौसम राउंड अपः देहरादून में उमस ने किया परेशान, केदारनाथ और गंगोत्री हाईवे पर आया मलबा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी देहरादून और आसपास के इलाकों में आज भी बारिश होने की संभावना थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। दिनभर लोग उमस से परेशान रहे। कहीं-कहीं छिटपुट बूंदाबांदी हुई। ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे पर सेंसारी गदेरे के समीप पहाड़ी से भूस्खलन होने के कारण हाईवे यातायात के लिए बाधित हो गया। देर शाम तक आवाजाही ठप होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइनें लगी हैं।
कंडीसौड़ से 12 किमी आगे उत्तरकाशी की तरफ सेंसारी गदेरे के समीप शनिवार दोपहर करीब दो बजे पहाड़ी से भूस्खलन होने से भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर सड़क पर आ गिरे, जिससे ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे पर वाहनों का संचालन पूरी तरह से बंद हो गया। सड़क मार्ग के दोनों तरफ दर्जनों वाहन फंसे हुए है। जेसीबी मलबा और पत्थर साफ करने में लगी हुई है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक मार्ग यातायात के लिए नहीं खुल पाया है।
वहीं रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राष्ट्रीय राजमार्ग सेरशी के समीप पहाड़ी से हुए भारी भूस्खलन के कारण अवरुद्ध हो गया है। दोपहर बाद लगभग ढाई बजे से हाईवे बंद है। एनएच द्वारा मशीनों से मलबा सफाई का कार्य जोरों पर किया जा रहा है। इधर, जामू नर्सरी, डोलिया मंदिर और सेमी-भैंसारी के समीप भी हाईवे की स्थिति दयनीय बनी हुई है।
तेज बारिश से ढहा कच्चा मकान
विकासनगर में त्यूनी तहसील के चातरा गांव में तेज बारिश के बीच एक कच्चा मकान ढह गया। जिससे पीड़ित परिवार के सामने छत का संकट खड़ा हो गया है। उसने परिवार समेत पंचायत भवन में शरण ली हुई है। रोजमर्रा की जरूरी वस्तुएं, खाद्यान्न, कपड़े, बिस्तर सब कुछ मकान के नीचे दबकर बर्बाद हो गया। पीड़ित ने तहसील प्रशासन से मुआवजे की गुहार लगाई है। चातरा गांव में अनिल पुत्र स्व. आत्माराम का एक कच्चा मकान है। वह बीपीएल श्रेणी में आता है और मजदूरी कर अपना भरण-पोषण कराता है। बृहस्पतिवार रात क्षेत्र में हुई तेज बारिश के बीच उनका मकान ढह गया। हादसे की आशंका को देखते हु वह परिवार समेत पंचायत भवन में शिफ्ट हो गए थे। वहीं एसडीएम चकराता डॉ. अपूर्व सिंह ने बताया कि मामले में संबंधित राजस्व उपनिरीक्षक से रिपोर्ट मांगी गई है। पीड़ित परिवार को हर संभव मदद दी जाएगी।
मालरोड सहित मसूरी की सड़कें खस्ताहाल, प्रशासन नहीं दे रहा ध्यान
अगर आप पहाड़ों की रानी मसूरी में मौज मस्ती करने आ रहे हैं और मालरोड समेत यहां की अन्य सड़कों पर चहलकदमी का लुत्फ उठाना चाहते हैं तो जरा संभलकर! यहां की सड़कों पर गड्ढों में गिरकर आप कभी भी घायल हो सकते हैं।
मालरोड सहित मसूरी की अन्य सड़काें का इन दिनों बुरा हाल है। सड़कों पर जगह-जगह गड्ढों की वजह से पर्यटकों के अलावा स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आलम यह है कि इन गड्ढों में गिरकर कई लोग घायल हो चुके हैं। मसूरी मालरोड स्टेट बैंक से झूलाघर तक सड़क की स्थिति बेहद खराब है। वहीं, मसूरी-देहरादून मार्ग पर बडे़ मोड़ के पास गड्ढों से आए दिन हादसे हो रहे हैं। बावजूद इसके नगर पालिका और पीडब्ल्यूडी के अधिकारी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।
यात्रा सीजन से पहले मालरोड का डामरीकरण किया गया था। इस दौरान सीवर के ढक्कनों को दबा दिया गया, लेकिन बारिश में जब सीवर चैंबर जाम हो गए तो जल संस्थान ने चैबरों की खुदाई कर दी। इस वजह से स्थिति और खराब हो गई। स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत संबंधित विभागों के अधिकारियों से की, लेकिन इस पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। वहीं, विधायक गणेश जोशी का कहना है कि बारिश अधिक होने के कारण कई सड़कें खस्ताहाल हो गई हैं। बारिश समाप्त होने के बाद इनकी मरम्मत कराई जाएगी।