Uttarakhand Weather: उत्तरकाशी में आकाशीय बिजली की चपेट में आकर मां-बेटी झुलसीं, तीन जिलों में स्कूल बंद
Uttarakhand Weather Update: पांच अगस्त तक प्रदेश भर के सभी इलाकों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
विस्तार
उत्तरकाशी में बड़कोट के नौगांव ब्लाक के बचाण गांव में खेतों में काम कर रही मां-बेटी पर आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से दोनों झुलस गईं। दोनों को 108 की मदद से सीएचसी बड़कोट लाया गया है। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल दोनों की स्थिति खतरे से बाहर है। जानकारी के अनुसार, नौगांव के बचाण गांव में पूनम देवी(26) और उसकी मां टिकमा देवी(48) निवासी कफोला दोपहर बाद खेतों में काम कर रहे थे। उसी समय बारिश के साथ अचानक आकाशीय बिजली गिरने से दोनों मां बेटी उसकी चपेट में आ गए। ग्रामीणों ने दोनों घायलों को आनन-फानन सीएचसी बड़कोट पहुंचाया। जहां पर दोनों का उपचार चल रहा है। सीएचसी के डॉ.अंगद राणा ने बताया कि दोनों की स्थिति खतरे से बाहर है।
पांच जिलों में बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड के पांच जिलों में आज (बुधवार) को भारी बारिश होने की आशंका है। वहीं, अन्य जिलों में भी कई दौर की बौछारदार बारिश होने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने पूरे प्रदेश के लिए तेज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। जबकि देहरादून, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और ऊधमसिंह नगर जिले के अधिकतर इलाकों में तेज बारिश होने की अधिक आशंका जताई है।
Pithoragarh: जुम्मा में भूस्खलन से सड़क पर आ गिरा पूरा 'पहाड़', 50 मीटर सड़क ध्वस्त, दोबाट में भी हाईवे बंद
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि पांच अगस्त तक प्रदेश भर के सभी इलाकों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि पांच अगस्त के बाद भी पूरे राज्य में अच्छी बारिश होने के आसार हैं।
बागेश्वर, चंपावत और नैनीताल जिले में गुरुवार को बंद रहेंगे स्कूल
बारिश के अलर्ट को देखते हुए नैनीताल, बागेश्वर और चंपावत जिले में 12वीं तक के स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बृहस्पतिवार को बंद रहेंगे। तीनों जिलों के जिला प्रशासन की ओर से ये आदेश जारी हुए हैं।
10 स्टेट हाईवे समेत 167 सड़कें बंद
प्रदेश में 10 स्टेट हाईवे समेत 167 सड़कें बंद हैं। प्रमुख अभियंता लोनिवि दीपक यादव ने बताया कि एक दिन पहले से 151 सड़कें बंद थीं, 658 सड़कें मंगलवार को बंद हुईं। इस तरह से कुल 219 बंद सड़कों में से देर शाम तक 52 सड़कों को खोल दिया गया था। बंद सड़कों में छह मुख्य जिला मार्ग, तीन जिला मार्ग, 75 ग्रामीण सड़कें और 73 पीएमजीएसवाई की सड़कें शामिल हैं।