Snowfall: चकराता में बर्फबारी के बाद चांदी से दमके पहाड़, हाईवे पर आवाजाही ठप, कई संपर्क मार्ग भी बंद
इससे पहले चकराता के ऊंचाई वाले इलाकों में 13 जनवरी को पहला और 20 जनवरी को दूसरा हिमपात हुआ था। इसके बाद से क्षेत्र में जबरदस्त ठंड पड़ रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चकराता क्षेत्र की ऊंची पहाड़ियों पर सीजन का तीसरा हिमपात हुआ। बर्फबारी से पूरे इलाके ने सफेद चादर ओढ़ ली। इससे क्षेत्र में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग बर्फ देखने पहुंचे। सोमवार सुबह जब लोग उठे तो पहाड़ियां चांदी सी दमकती नजर आईं। हालांकि, छावनी बाजार में बेहद कम बर्फ गिरी। उंचाई वाले इलाकों में डेढ़ से दो फिट तक बर्फ जम गई है। इससे क्षेत्र में ठंड बढ़ गई है। वहीं, शीतलहर ने लोगों की दुश्वारियां बढ़ा दी हैं। सुबह के समय चकराता में तापमान माइनस एक डिग्री तक पंहुच गया।
Snowfall In Auli: औली में भारी बर्फबारी के बीच जमकर झूमे पर्यटक, खूब की मौज-मस्ती, देखें तस्वीरें
बता दें कि इससे पहले चकराता के ऊंचाई वाले इलाकों में 13 जनवरी को पहला और 20 जनवरी को दूसरा हिमपात हुआ था। इसके बाद से क्षेत्र में जबरदस्त ठंड पड़ रही है। सुबह के समय स्थानीय निवासी घरों में ही दुबके रहे। बाजारों में लोग हीटर और अलाव के आसपास जमा दिखाई दिए। वहीं, बर्फ देखने के लिए पर्यटकों का चकराता पंहुचने का सिलसिला शुरू हो गया है।
पहाड़ियों पर डेढ़ से दो फीट तक जमी बर्फ
क्षेत्र की लोखंडी, देवबन, मुडली, मोइल टॉप, बुधेर गुफा, खड़बा, दारनाधार, कथियान आदि चोटियां बर्फ से लकदक हो गई हैं। इसके अलावा लोहारी, लोखंडी, सुई, कचाणु, मुंडोई, कोटी, कनासर, रजाणु, त्युना, मंगटाड़, चौसाल, कथियान, बणाधार, जाड़ी, सेंज, कुनैन, खारसी आदि गांवों में डेढ़ से दो फीट तक बर्फ जम गई है।
हाईवे पर आवाजाही ठप, कई संपर्क मार्ग भी बंद
लोखंडी क्षेत्र में बर्फबारी से त्यूणी-चकराता-मसूरी-मलेथा हाईवे पर करीब डेढ़ से दो फीट तक बर्फ जम गई है। इससे मार्ग पर यातायात ठप हो गया है। इसके अलावा कई संपर्क मार्ग भी बर्फबारी से बंद हैं। लोनिवि ने हाईवे से बर्फ हटाने का काम शुरू कर दिया है।
चकराता से त्यूनी जाने वाले हाईवे के कोटी कनासर से दारनाधार तक लगभग 20 किलोमीटर का हिस्सा बर्फबारी के चलते बाधित हो गया। इससे बीस से अधिक गांवों का संपर्क तहसील और जनपद मुख्यालय से कट गया है। त्यूनी से विकासनगर जाने वाले यात्रियों को वाया मीनस होकर लंबा चक्कर काटकर यात्रा पूरी करनी पड़ रही है।
ये रास्ते हैं बंद
क्षेत्र के लोहारी, कोटी, रजाणु, त्यूना, मगटाड, बायला, बेगी, बुरायला, मशक, गोरछा, पिंगुवा, बिनसोन, सेंज, कुनैन सहित एक दर्जन से अधिक गांवों को जाने वाले संपर्क मार्ग बर्फबारी से बंद हैं।
लोनिवि ने दो जेसीबी मशीन भेजकर बर्फ हटाने का काम शुरू कर दिया है। खराब मौसम के कारण दिक्कत आ रही है। देर शाम तक मार्ग से बर्फ हटाकर यातायात सुचारु करा लिया जाएगा।
- राजेंद्र जोशी, सहायक अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग डोईवाला खंड