उत्तराखंड: तीन दिन से लगातार हो रही बारिश से यमुनोत्री हाईवे पर आया मलबा, सैकड़ों यात्री फंसे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में प्रदेश के छह जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। इसके साथ ही सभी विभागों को सतर्क रहने और लोगों से सुरक्षित जगह पर रहने की अपील की गई है। वही तीन दिन से राजधानी देहरादून में भी बारिश रुकने का नाम नहीं ले रही है।
शनिवार से रुक-रुक कर हो रही बारिश सोमवार की सुबह भी जारी रही। लगातार हो रही बारिश से दूनवासी दहशत में आ गए हैं। वहीं चारधाम और पिथौरागढ़ की ऊंची पहाड़ियों में हुए हिमपात से तापमान में काफी गिरावट आ गई है। बदरीनाथ व हेमकुंड साहिब, नीलकंठ, नर-नारायण पर्वत, जोशीमठ, फूलों की घाटी, केदारनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री धाम की ऊंची चोटियों ने बर्फ की चादर ओढ़ ली है।
यमुनोत्रीधाम सहित पूरी यमुनाघाटी में भी बारिश थमने का नाम नही ले रही हैं। लगातार हो रही बारिश के कारण हाईवे डबरकोट में अवरूद्व हो गया है। दोनों ओर सैकड़ों यात्री फंसे हुए हैं। बारिश होने के कारण पहाड़ी से लगातार पत्थर और मलबा मार्ग पर आ रहा है। जिस कारण हाईवे खोलने के प्रयास शुरू नहीं हो पा रहे हैं। पिछले तीन दिनों से हो रही झमाझम बारिश ने यहां ठंडक ला दी है। गंगोत्री हाईवे भी बढ़ेती चुंगी में बंद पड़ा हुआ है। यात्रियों को मनेरा बाईपास से भेजा जा रहा है।
24 घंटे में प्रदेश के छह जिलों में भारी बारिश के आसार
सोमवार को चमोली जिले में मौसम खराब रहा। यहां भी रविवार रात से बारिश जारी है। बदरीनाथ हाईवे भी लामबगड़ में बंद पड़ा है। बता दें कि यहां हाईवे रविवार अपराह्न 3 बजे से अवरुद्ध पड़ा है।
यात्री हाईवे खुलने का इंतजार कर रहे हैं। हेमकुंड यात्रा जारी है। टिहरी जिले के सभी क्षेत्रों में भी झमाझम बारिश हो रही है। यहां नुकसान की कोई सूचना नहीं है। ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे पर यातायात जारी है।सोमवार को सोनप्रयाग से केदारनाथ के 503 श्रद्धालु रवाना हुए हैं। केदारनाथ पैदल मार्ग लिनचोली के पास बरसाती पानी के बहाव में बह गया है। यात्रियों को वापस भीमबली व सोनप्रयाग भेजा जा रहा है। बारिश से रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे खाट गांव के पास खतरनाक हो गया है। हरिद्वार के पथरी क्षेत्र में कई बीघा फसल पानी में डूब गई है। वहीं भवाली-अल्मोड़ा हाईवे में भौर्या मोड़ के पास पहाड़ी से भूस्खलन के चलते यातायात अवरुद्ध हो गया है। फिलहाल मलबा और बोल्डर हटाने के लिए जेसीबी मशीनें लगाई गई हैं। मार्ग में दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई है।
मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि आगामी 24 घंटे में प्रदेश के छह जिलों देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में भारी बारिश के आसार हैं। सोमवार को प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। कई जगहों पर बहुत भारी बारिश भी हो सकती है। इसके तहत अलर्ट जारी किया गया है।