फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Dehradun News ›   Uttarakhand Public Service Commission returned proposals for 12 Group C recruitment

उत्तराखंड: लोक सेवा आयोग ने समूह ग की 12 भर्तियों के प्रस्ताव लौटाए, आधे-अधूरे अधियाचन बने सिरदर्द

Wed, 09 Nov 2022 01:26 AM IST
अलका त्यागी आफताब अजमत, अमर उजाला, देहरादून
आफताब अजमत, अमर उजाला, देहरादून Published by: अलका त्यागी Updated Wed, 09 Nov 2022 01:26 AM IST
सार

राज्य लोक सेवा आयोग अभी तक पुलिस कांस्टेबल भर्ती, पटवारी-लेखपाल भर्ती, फॉरेस्ट गार्ड भर्ती और सहायक लेखाकार भर्ती के विज्ञापन जारी कर चुका है।

विज्ञापन
Uttarakhand Public Service Commission returned proposals for 12 Group C recruitment
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग - फोटो : लोगो

विस्तार

प्रदेश में समूह-ग की भर्तियों का अभियान चला रहे उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने 12 भर्तियों के अधियाचन लौटा दिए हैं। इनमें आरक्षण रोस्टर से लेकर सेवा नियमावली तक की गड़बड़ियां शामिल हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पहले ही सभी विभागों को निर्देश दिए थे कि वह भर्तियों के आधे-अधूरे अधियाचन आयोग को न भेजें।

विज्ञापन


Uttarakhand: आरओ व एआरओ मुख्य परीक्षा में 45 प्रतिशत अंक जरूरी, पढ़ें महत्वपूर्ण जानकारी
विज्ञापन


राज्य लोक सेवा आयोग अभी तक पुलिस कांस्टेबल भर्ती, पटवारी-लेखपाल भर्ती, फॉरेस्ट गार्ड भर्ती और सहायक लेखाकार भर्ती के विज्ञापन जारी कर चुका है। 28 अक्तूबर को आयोग को सहायक लेखाकार और लेखा परीक्षक के कुल 891 पदों के लिए भर्ती का विज्ञापन जारी करना था, लेकिन इनमें से केवल सहायक लेखाकार के 661 पदों का विज्ञापन ही जारी किया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन


लेखा परीक्षक का विज्ञापन इसलिए जारी नहीं हो पाया, क्योंकि इसके अधियाचन में खामियां होने की वजह से आयोग ने इसे लौटा दिया था। अब सही अधियाचन आने के बाद आयोग इसकी अलग से भर्ती निकालेगा।


कनिष्ठ सहायक सहित 12 अधियाचन अधूरे

राज्य लोक सेवा आयोग ने 16 भर्तियों का कैलेंडर जारी किया हुआ है। इसमें तमाम भर्तियां ऐसी हैं जो विभिन्न विभागों के एक जैसे पदों के लिए हैं। आयोग ने लेखा परीक्षक के अलावा विभिन्न विभागों में कनिष्ठ सहायक भर्ती का अधियाचन भी लौटाया है। इसमें कुछ कमियां हैं, जिन्हें इन विभागों को दूर करना होगा। कनिष्ठ सहायक भर्ती का विज्ञापन इसी महीने के अंतिम सप्ताह में जारी होना है। इसके अलावा विभिन्न विभागों में पर्यावरण पर्यवेक्षक, प्रयोगशाला सहायक, मानचित्रकार, प्रारूपकार, अन्वेषक कम संगणक, सहायक सांख्यिकी अधिकारी, गन्ना पर्यवेक्षक, राजकीय दुग्ध पर्यवेक्षक, बागान पर्यवेक्षक जैसे कई अधियाचन किसी न किसी वजह से अधूरे हैं। आयोग ने कुल मिलाकर ऐसे 12 प्रस्तावों को विभागों को लौटाया है।

इस तरह की हैं कमियां

राज्य लोक सेवा आयोग के पास भर्तियों के जो प्रस्ताव पहुंचे हैं, उनमें से ज्यादातर में आरक्षण की स्थित स्पष्ट नहीं है। कई ऐसे हैं, जिनमें रिक्त पदों का आंकड़ा ही सही नहीं है। कुछेक ऐसे हैं, जिनकी सेवा नियमावली ही पद के हिसाब से अलग है। 

सीएम ने दिए थे पूरे अधियाचन भेजने के निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समूह-ग की भर्तियों के लिए राज्य लोक सेवा आयोग को जिम्मेदारी देने के साथ ही सभी विभागों को पूरे अधियाचन भेजने के निर्देश दिए थे। उन्होंने साफ कहा था कि अधियाचनों की वजह से कोई भी भर्ती प्रक्रिया प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
 

अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से सीधे ट्रांसफर हुईं भर्तियां

राज्य सरकार ने जब कैबिनेट की बैठक में समूह-ग की भर्तियां उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से राज्य लोक सेवा आयोग को ट्रांसफर करने का निर्णय लिया तो इसके बाद सभी अधियाचन सीधे राज्य लोक सेवा आयोग को भेज दिए गए। इनमें से तमाम अधियाचन ऐसे थे, जिनका अधीनस्थ सेवा चयन आयोग अध्ययन ही नहीं कर पाया था। लिहाजा, इनकी खामियां भी दूर न हो पाई थीं। अब राज्य लोक सेवा आयोग को इनका अध्ययन करना पड़ रहा है।

विभागों की सेवा नियमावली सबसे बड़ा सिरदर्द

आज भी कई विभागों की सेवा नियमावली आयोगों के लिए बड़ा सिरदर्द बनी हुई हैं। हालात यह हैं कि विभागों ने समय पर इन नियमावलियों को अपडेट नहीं किया। किस पद के लिए जो अर्हता अब से 15 साल पहले थी, आज उससे जुड़े तमाम नए पाठ्यक्रम आने के बावजूद विभाग उसी पर चल रहे हैं। हाल ही में पीसीएस परीक्षा में ऐसा मामला सामने आया, जब उम्मीदवारों से डिप्लोमा मांगा गया था लेकिन यहां उस विषय में पोस्ट ग्रेजुएट उम्मीदवार रिजेक्ट हो गए थे। हाईकोर्ट के आदेश के बाद इन सभी उम्मीदवारों को पद के लिए अर्ह घोषित किया गया था। उम्मीदवार लगातार यह मांग भी कर रहे हैं कि विभाग नए पाठ्यक्रमों के हिसाब से अपनी सेवा नियमावली को अपडेट करें।


भर्ती कुछ पदों की, भरते कुछ पद हैं

अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के समय में यह भी बड़ी समस्या रही है। अधियाचन के हिसाब से अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने जितने पदों के लिए भर्ती निकालकर परीक्षा कराई, चयन के समय उन पदों की संख्या घट गई। ऊर्जा, सिंचाई सहित कई विभागों की समूह-ग भर्तियों में ऐसा हो चुका है। लेकिन राज्य लोक सेवा आयोग इन सभी बिंदुओं पर बारीकी से जांच पड़ताल कर रहा है।

करीब 12 ऐसे अधियाचन हैं जो कि विभागों को लौटाए गए हैं। इनमें कुछ तो ऐसे हैं, जिनकी मामूली क्वैरी है, जो दूर होनी है। कुछ ऐसे हैं, जिनकी सेवा नियमावली अपडेट नहीं है। तय तारीख तक जिनके भी अधियाचन आएंगे, उनकी समय से ही भर्ती की जाएगी। 
- गिरधारी सिंह रावत, सचिव, उत्तराखंड लोक सेवा आयोग

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed