बदलती संस्कृति के बीच अब पहाड़ों में भी प्री-वेडिंग शूट का क्रेज बढ़ने लगा है। अक्तूबर माह में शादी के बंधन में बंधने जा रहे जोड़ों के लिए टिहरी झील प्री-वेडिंग की फोटो शूट करने के लिए बेहतरीन लोकेशन बनकर उभर रही है। लॉकडाउन के बाद 22 सितंबर से टिहरी झील में बोटिंग गतिविधियां शुरू होने के साथ ही बोट व्यवसाय से जुड़े लोगों को प्री-वेडिंग की बुकिंग मिलनी शुरू हो गई है।
शादी को यादगार बनाने के लिए इन दिनों झील में प्री-वेडिंग की फोटो शूट कराई जा रही है। 42 वर्ग किमी क्षेत्र में फैली टिहरी झील के कोटी कालोनी, मरोड़ा, तिवाड़गांव, डोबरा-चांठी पुल, मदननेगी आदि स्थल प्री-वेडिंग की फोटो शूट करने के लिए बेहतरीन लोकेशन बनकर उभर रहे हैं। जनवरी 2020 से टिहरी झील में प्री-वेडिंग की फोटो, वीडियो शूट कराने का चलन शुरू हुआ। उस वक्त झील में तीन-चार जोड़ों ने प्री-वेडिंग की फोटो शूट कराई थी।
मार्च-अप्रैल माह में बोट संचालकों और फोटोग्राफरों को प्री-वेडिंग की बुकिंग मिली थी, लेकिन लॉकडाउन के कारण तैयारियां धरी की धरी रह गईं। अनलॉक चार की गाइडलाइन जारी होने के बाद 22 सितंबर से झील में बोटिंग शुरू हो गई। 17 अक्तूबर से शादी-विवाह का मुहूर्त शुरू होना है।
शादी को यादगार बनाने के लिए इन दिनों झील में प्री-वेडिंग की फोटो खूब शूट कराई जा रही है। बोट यूनियन के संरक्षक कुलदीप पंवार ने बताया कि चार अक्तूबर तक झील में प्री वेडिंग के लिए पांच बुकिंग एडवांस में आ चुकी है। बोट और फ्लोटिंग हट्स में फोटो और वीडियो शूट कराए जाते हैं। बोट में फोटो शूट कराने के लिए न्यूनतम आठ हजार रुपये का पैकेज निर्धारित किया गया है।
टिहरी झील में प्री-वेडिंग फोटो शूट के लिए 25 से 30 हजार रुपये से पैकेज स्टार्ट हैं। प्री-वेडिंग के लिए टिहरी झील की लोकेशन की सबसे अधिक डिमांड है। सबसे अच्छी बात ये है कि झील का पानी हर वक्त नीला दिखाई देता है। ऐसी लोकेशन को शादी का जोड़ा सबसे अधिक प्राथमिकता देता है। - मोंटी सिंह, प्रोफेशनल फोटोग्राफर