उत्तराखंड: रुद्रपुर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का रोड शो, कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह, किसानों ने किया प्रदर्शन
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दो दिनी जिला भ्रमण पर शुक्रवार को रुद्रपुर पहुंचे हैं। यहां से कार से गांधी पार्क पहुंचेंगे और रोड शो के जरिये आम जनता एवं कार्यकर्ताओं का अभिवादन करेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार से ऊधमसिंह नगर जिले के दौरे पर हैं। शुक्रवार को जब मुख्यमंत्री रुद्रपुर पहुंचे तो किसानों ने उनके दौरे का विरोध किया। उन्होंने काले झंडों के साथ सीएम और भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। पुलिस 200 किसानों को गिफ्तार कर गदरपुर ले गई है। प्रदर्शन करने वाले किसान भारतीय किसान यूनियन चडूनी ग्रुप के हैं। इन्हें ही गिरफ्तार किया गया है।
सीएम धामी का रोड शो, दिखा खासा उत्साह
रुद्रपुर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री कार से गांधी पार्क पहुंचे और यहां से रोड शो शुरू हुआ। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी के रोड शो को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह दिखा। पुष्प वर्षा के साथ आतिशबाजी भी की गई।
उत्तराखंड: सीएम ने की पर्यटन और चारधाम यात्रा से जुड़े लोगों के लिए 200 करोड़ के राहत पैकेज की घोषणा
रोड शो में मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडेय, यतिश्वरानंद, विधायक राजकुमार ठुकराल, राजेश शुक्ला, मेयर रामपाल सिंह, पूर्व सांसद बलराज पासी, जिलाध्यक्ष शिव अरोरा, भाजयुमो अध्यक्ष कुंदन लटवाल सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
उत्तराखंड: प्रदेश में शुरू हुई मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना, सीएम धामी ने किया शुभारंभ
रोड शो के बाद मुख्यमंत्री ने कलक्ट्रेट में विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास/लोकार्पण किया और कलक्ट्रेट सभागार में जनपदीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यकर्ताओं के साथ भी बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 तक उत्तराखंड पर्यटन, उद्योग और बिजली उत्पादन में नंबर वन होगा।
बता दें कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्टेट प्लेन से शुक्रवार सुबह करीब दस बजे पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचे। उनके स्वागत के लिए एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं का भारी जमावड़ा लग गया। मुख्यमंत्री यहां कार्यकर्ताओं से मिले और कार द्वारा रुद्रपुर रवाना हो गए। उनका सामाजिक, धार्मिक व व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात भी कार्यक्रम है। यहां उनका फिलहाल 24 जुलाई तक का कार्यक्रम है।
अपने निजी आवास में करेंगे रात्रि प्रवास
मुख्यमंत्री बनने के बाद शुक्रवार को पहली बार अपने गृह जनपद पहुंचे पुष्कर सिंह धामी ने अगले पांच वर्षों में उत्तराखंड को पर्यटन क्षेत्र के साथ ही उद्योग और बिजली उत्पादन में देश क नंबर वन राज्य बनाने का वादा किया। गृह जिले की जनता के समक्ष चुनाव से पहले अगले पांच वर्षों का रोड मैप रखते हुए उन्होंने कहा कि बागेश्वर से टनकपुर तक प्रस्तावित रेल लाइन को भी ब्रॉड गेज बनाने की तैयारी है।
रुद्रपुर पहुंचे मुख्यमंत्री धामी ने भाजपा जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर उनका आभार जताया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के साथ ही जिले के विभिन्न स्थानीय मुद्दों पर भी गंभीरता दिखाई। उन्होंने रुद्रपुर के ट्रंचिंग ग्राउंड के अभी तक शिफ्ट नहीं होने पर स्थानीय लोगों को हो रही समस्या पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि शीघ्र ट्रंचिंग ग्राउंड को शिफ्ट किया जाएगा, इसे लेकर सभी औपचारिकताएं पूर्ण हो चुकी हैं। (संवाद)
मुख्यमंत्री बनना मेरे लिए ख्वाब जैसा...
दो बार विधायक रहने के बाद, जिसे मंत्री पद न मिला हो उसे हाईकमान अगर मुख्यमंत्री बना दे तो यह ख्वाब पूरा होने जैसा ही है। यह बातें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के दौरान कही। मेरा ख्वाब पूरा हुआ है तो अब मैं जनता के सपनों को पूरा करूंगा।
मुख्यमंत्री धामी ने कार्यकर्ताओं से दिल की बात कहते हुए कहा कि वह एक सामान्य परिवार में जन्म लेने वाले और सैनिक के पुत्र हैं। वर्ष 2017 में पूर्व सांसद बलराज पासी के साथ वह भी प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए दिल्ली स्थित उत्तराखंड आवास में डेरा डाले हुए थे। लेकिन दोनों ही इस दौड़ में बाहर हो गए। इसके बाद मंत्री पद के लिए भी कभी उनका नाम नहीं आया। बीच में उप मुख्यमंत्री के लिए मीडिया में उनका नाम जरूर उछला था, लेकिन बन नहीं सके।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री को लेकर देहरादून में विधायक दल की बैठक के समाप्त होने के करीब 15 मिनट बाद ही जब उन्हें विधायक दल का नेता चुने जाने की सूचना मिली ,तो वह चौंक पड़े। एकबारगी उन्हें विश्वास ही नहीं हुआ कि वह उत्तराखंड के अगले और सबसे युवा मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा एक सैद्धांतिक पार्टी है, यहां व्यक्ति विशेष के स्थान पर आम कार्यकर्ता व राष्ट्र को प्राथमिकता दी जाती है। पार्टी व जनता के लिए ईमानदारी से कार्य करने वालों का हमेशा पार्टी के शीर्ष स्तर से आंकलन होता है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यकर्ताओं के समक्ष कहा कि जिसके माथे की लकीरों पर मुख्यमंत्री बनना लिखा हो, उसे कोई माई का लाल मिटा नहीं सकता है। भावुकता में सीएम के दिल से निकली इन बातों के कई निहितार्थ भी निकाले जाने लगे हैं। मुख्यमंत्री की इन पंक्तियों को जिले में पार्टी के भीतर उनके कुछ धुर विरोधियों को चेतावनी के रूप में भी देखा जा रहा है।
पुलिसकर्मियों के परिजनों ने सीएम के स्वागत में लगाई फ्लेक्सी
सीएम पुष्कर सिंह धामी के स्वागत में पुलिस परिवार की ओर से नैनीताल हाइवे पर फ्लेक्सी लगाई गई थी। फ्लैक्सी में धामी की वो फोटो लगाई गई है जिसमें वह सीएम रहने से पहले ग्रेड पे के संबंध में ज्ञापन ले रहे हैं। पुलिसकर्मियों के परिजनों को उम्मीद है कि ग्रेड पे में कटौती का निर्णय वापस होगा और पूर्व की भांति पुलिस कर्मियों को 4600 रुपये ग्रेड पे मिलेगा।
मोदी मंत्र के साथ लिख रहे हैं विकास की इबारत
सरकार के पुराने कामों को पूरा करने के साथ ही नए कामों को लेकर आएंगे। सरकार का पूरा फोकस नौजवानों और महिलाओं पर है। भू-कानून, जनसंख्या और अन्य जो भी कानून राज्य और जनता के हित में हैं, लागू किए जाएंगे।
सीएम के पहुंचने से पहले सड़के हो गईं चकाचक
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पहली बार गृह जनपद में पहुंचने पर रुद्रपुर स्थित एनएच-87 के गड्ढों को भरवा दिया गया। इसके साथ ही 11 सूत्री मांगों लेकर आंदोलित पर्यावरण मित्रों के कार्य बहिष्कार के कारण सड़कों पर पड़े कूड़े को नगर निगम के अधिकारियों ने हटवा दिया। एक दिन पहले तक लगे गंदगी के अंबार की जगह साफ सुधरी सड़क देखकर लोग बोले कि काश मुख्यमंत्री रोज यहां आएं।
सीएम धामी के रोड शो में उमड़ा कार्यकर्ताओं का सैलाब
सीएम बनने के बाद पहली बार अपने गृह जनपद पहुंचे पुष्कर धामी ने रोड शो में जनसैलाब उमड़ पड़ा। ढोल नगाड़ों की थाप पर करीब पौन दो घंटे हुए रोड शो में सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल रहे। इस दौरान सीएम धामी ने हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन किया। उनके चेहरे पर गृह जनपद में पहुंचने की मुस्कान देखते ही बन रही थी। शहर भर से होता हुआ भाजपा जिला कार्यालय पर रोड शो सम्पन्न हुआ।
एसएसपी, एएसपी ने संभाला मोर्चा
सीएम के रोड शो के दौरान एसएसपी डीएस कुंवर और एएसपी ममता बोहरा ने मोर्चा संभाला। दोनों अधिकारी सीएम के रोड शो में वाहन के आगे आगे पैदल चलते रहे। रोड शो के दौरान कोई परेशानी नहीं हो इसके लिए मातहतों को निर्देश देते रहे। सीएम के रोड शो के बीच काशीपुर बाइपास, गावा चौक, इंदिरा चौक समेत कई सड़कों को वन वे किया गया। वहीं शहर के चप्पे-चप्पे पर सीएम की सुरक्षा के लिए पुलिस कर्मी मुस्तैद रहे। इस मौके पर एएसपी क्राइम मिथिलेश सिंह, एएसपी काशीपुर प्रमोद कुमार, सीओ सिटी अमित कुमार, सीओ यातायात बीएस भंडारी, कोतवाल विजेंद्र साह समेत कई शामिल रहे।
अपनों का चेहरा दिखाने की रही होड़
सीएम के रोड शो के दौरान विधायक और जिलाध्यक्ष में अपनों का चेहरा दिखाने की होड़ रही। वाहन में सवार सीएम धामी के बगल में विधायक राजकुमार ठुकराल, किच्छा विधायक राजेश शुक्ला व जिलाध्यक्ष शिव अरोड़ा भी मौजूद थे। वाहन में सवार तीनों रोड शो के दौरान भीड़ में व सड़कों पर खड़े अपने लोगों को दिखाते नजर आए।
भारी संख्या में पहुंची मुस्लिम महिलाएं
सीएम के रुद्रपुर पहुंचने की सूचना मिलते ही उनके चाहने वाली मुस्लिम महिलाएं भी भारी संख्या में रोड शो में शामिल होने के लिए पहुंच गई। अंबेडकर पार्क में सुबह नौ बजे से महिलाएं सीएम का इंतजार करती रहीं। दोपहर में सीएम के पहुंचने पर फूल माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया। इसके बाद रोड शो में शामिल हुईं।
सामाजिक दूरी की उड़ी धज्जियां
सीएम के रोड शो के दौरान सामाजिक दूरी की जमकर धज्जियां उड़ीं। कार्यकर्ताओं में सीएम के स्वागत के लिए दिनभर होड़ मची रही। बाइक रैली में शामिल अधिकांश लोगों के मुंह में मास्क नहीं थे। इसके अलावा बाइक पर तीन सवारी बैठकर चल रहे थे
कार्यकर्ता को संबोधित नहीं कर सके सीएम
सीएम पुष्कर सिंह धामी को रोड शो से पहले गांधी पार्क में कार्यकर्ताओं को संबोधित करना था। सुबह हुई बारिश से गांधी पार्क जलमग्न हो गया। इसके बाद आंबेडकर पार्क में मंच तैयार किया गया। सीएम को वहां पहुंचकर कार्यकर्ताओं को संबोधित करना था। सीएम के पहुंचने में देरी हो गई। वह आंबेडकर पार्क में पहुंचने के बाद सीधे रोड शो के लिए निकल गए। मंच पर कई घंटों से बैठे कार्यकर्ता उनका इंतजार करने रह गए।
रोड शो का उचक्कों ने खूब उठाया फायदा
सीएम के रोड शो में उमड़ी भीड़ का फायदा उचक्कों ने खूब उठाया। रोड शो में शामिल हुए भाजपा किसान मोर्च के प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौहान का उचक्कों ने जेब से पर्स चोरी कर लिया। वहीं एक मंडल अध्यक्ष समेत कई लोगों के मोबाइल चोरी हो गए।
जब खुफिया विभाग हुआ अलर्ट
सीएम के रोड शो के दौरान डीजे की धुन में कार्यकर्ता जमकर झूठे। वहीं खटीमा से आए कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुति दी। आंबेडकर पार्क में सीएम के आने से पहले वाहन में रखे डीजे में एक समुदाय के नारे दो बार लग गए। इसे लेकर खुफिया विभाग अलर्ट हो गया था। हालांकि डीजे वाले ने इसे गलती से बजने की बात कही।