धामी सरकार 2.0: सीएम बोले- अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों के चेहरे ध्यान में रखकर लेता हूं फैसले
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज हमारा उत्तराखंड ‘उत्कृष्ट उत्तराखंड’ बनने की राह पर अग्रसर है। उत्तराखंड की राजनीति में यह पहला अवसर था जब जनता-जनार्दन ने किसी एक दल को दोबारा सेवा का अवसर प्रदान किया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वह समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों के चेहरे को ध्यान में रखकर जनहित में फैसला लेते हैं। इससे उन्हें निर्णय लेने में आसानी होती है। लोगों का विश्वास ही हमारी प्रेरणा है। उनके इसी विश्वास को हमें और अधिक मजबूत करना है।
मुख्यमंत्री एक साल का कार्यकाल पूरा होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि आज हमारा उत्तराखंड ‘उत्कृष्ट उत्तराखंड’ बनने की राह पर अग्रसर है। उत्तराखंड की राजनीति में यह पहला अवसर था जब जनता-जनार्दन ने किसी एक दल को दोबारा सेवा का अवसर प्रदान किया था।
धामी सरकार 2.0: एक साल का कार्यकाल पूरा, परीक्षार्थियों के लिए बसों में 50% किराया माफ, सीएम ने की कईं घोषणाएं
जनता भली-भांति जानती है कि कौन इस प्रदेश को विकास के पथ पर आगे बढ़ा सकता है? कौन वंचितों को उनके अधिकार दे सकता है? कौन युवाओं के सपने साकार कर सकता है और कौन अंत्योदय की परिकल्पना को सही आकार दे सकता है? जनता ने सत्य को चुना और हर कसौटी पर परख कर हमें एक बार पुनः सेवा का अवसर दिया। इस एक वर्ष के दौरान हर क्षण यह प्रयास किया है कि जितनी भी प्रदेश के सामने चुनौतियां हैं, उन सभी का समाधान निकाला जाए और राज्य को विकास कि राह पर आगे बढ़ाया जाए।
कई पड़ाव पार करने हैं
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य बनाने का जो विकल्प रहित संकल्प लेकर हम चल रहे हैं उसके कुछ पड़ाव हमने पार कर लिए हैं और कई पड़ाव अभी पार करने हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपेक्षा के अनुसार उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए राज्य सरकार पूर्ण रूप से संकल्पबद्ध है। किसी भी सरकार के मूल्यांकन के लिये एक वर्ष का समय बहुत कम होता है, फिर भी इस एक वर्ष में नए उत्तराखंड के संकल्प के साथ राज्य सरकार ने बड़ी पहल की है। सरकार ने इस एक वर्ष के कार्यकाल को राज्य में संस्थागत सुधारों की दिशा में अनेक कदम उठाये।
एक साल में लिए प्रमुख फैसले बताए
- मसूरी में ‘सशक्त उत्तराखंड@25 थीम’ पर आयोजित व्यापक चिंतन से राज्य का खाका तैयार, तेजी से काम शुरू।
- अंत्योदय परिवारों को तीन गैस सिलेंडर का बजटीय प्रावधान।
- प्रदेश की महिलाओं के लिए क्षैतिज आरक्षण की व्यवस्था।
- समान नागरिक संहिता का मसौदा तैयार करने की प्रक्रिया शुरू।
- जबरन धर्मांतरण पर रोक के लिए कानून बनाया।
- नई शिक्षा नीति लागू की।
- देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून बनाया। पहली बार परीक्षाओं में धांधली करने वाले 80 से ज्यादा लोगों को जेल में डाला है।
- राज्य आंदोलनकारियों व उनके आश्रितों को सरकारी नौकरियों में 10 प्रतिशत का क्षैतिज आरक्षण।
10 सालों का रोडमैप पर हो रहा है काम
सीएम ने कहा कि सभी विभागों को अगले 10 सालों के रोडमैप पर काम करने के लिए कहा गया है। इस पर काम हो रहा है। उन्होंने डबल इंजन की सरकार के फायदे गिनाएं। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में राज्य का तेजी से विकास हो रहा है। पीएम ने गौरीकुंड-केदारनाथ और गोविंदघाट-हेमकुंड साहिब रोपवे का शिलान्यास किया और उन्हीं के मार्गदर्शन में मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी पर अभूतपूर्व कार्य हो रहा है।
कैबिनेट मंत्री सुबोध ने धामी के नेतृत्व को दिया श्रेय
कैबिनेट मंत्री एवं देहरादून के प्रभारी मंत्री सुबोध उनियाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह के नेतृत्व को श्रेय दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने एक साल में जनहित में कई निर्णय लिए। गरीबों को साल में मुफ्त में तीन गैस सिलिंडर दिए जा रहे हैं। किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सराहनीय कार्य हुए हैं। 2025 तक उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में लाने के लिए हर क्षेत्र में तेजी से कार्य हो रहे हैं।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, विधायक खजान दास, विनोद चमोली, उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, बृज भूषण गैरोला, सहदेव सिंह पुंडीर, मेयर देहरादून सुनील उनियाल गामा, मेयर ऋषिकेश अनीता मंमगई, जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान, मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, सचिव शैलेष बगोली, सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी समेत कई अन्य लोग उपस्थित थे।