उत्तराखंड: सड़क से जुडे़ंगे प्रदेश के सभी धार्मिक पर्यटक स्थल - मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
14 नवंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देहरादून लौटेंगे और 15 नवंबर को वह कुमाऊं दौरे पर आ रहे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के प्रवास कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जाएंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज शुक्रवार को टिहरी, पिथौरागढ़ व ऊधमसिंहनगर के दौरे पर रहेंगे। शुक्रवार को मुख्यमंत्री धामी ने पहले टिहरी के गजा में घंटाकर्ण धाम का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि पूरी दुनिया में अपनी धार्मिक संस्कृति के लिए प्रसिद्ध है। यहां हर क्षेत्र में भगवान का वास है और सरकार मंदिरों और पर्वों को लेकर गंभीर है। इसके बाद मुख्यमंत्री वहां से रवाना होकर जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे।
14 नवंबर को देहरादून लौटेंगे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
यहां से मुख्यमंत्री स्टेट प्लेन से पिथौरागढ़ रवाना हो गए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने तीन दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम के तहत दोहपर करीब ढाई बजे पिथौरागढ़ पहुंचे। मुख्यमंत्री स्टेट प्लेन से नैनीसैनी एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से उनके स्वागत में रोडशो निकाला गया। इस दौरान मुख्यमंत्री लोगों से भी मिले। इसके बाद मुख्यमंत्री ने देव सिंह मैदान में शरदोत्सव व विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। यहां उन्होंने करोड़ों के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। भाजपा कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक भी की।
14 नवंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देहरादून लौटेंगे और 15 नवंबर को वह कुमाऊं दौरे पर आ रहे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के प्रवास कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जाएंगे। नड्डा 16 नवंबर तक कुमाऊं के अल्मोड़ा जिले में प्रवास करेंगे।
धार्मिक पर्यटन के लिए उत्तराखंड सबसे उपयुक्त
शुक्रवार को टिहरी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि धार्मिक पर्यटन के लिए उत्तराखंड सबसे उपयुक्त है। प्रदेश के ऐसे धार्मिक पर्यटक स्थल हैं, जो सड़क से दूर हैं। जल्द ही इन स्थलों को सड़कों से जोड़ा जाएगा। देहरादून से टिहरी के बीच आठ हजार करोड़ की लागत से बनने वाली सुरंग के निर्माण की प्रधानमंत्री ने सैद्धांतिक स्वीकृति दे दी है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन और ऑल वेदर परियोजना निर्माण पूरा होते ही उत्तराखंड देश का सबसे समृद्ध राज्य होगा। मुख्यमंत्री ने गजा क्षेत्र के घंटाकर्ण मंदिर को सड़क से जोड़ने, गजा में निर्माणाधीन माली ट्रेनिंग सेंटर का नाम बिमाड गांव के शहीद विक्रम सिंह नेगी, इंटर कॉलेज जाजल का नाम रामपुर गांव के शहीद अजय सिंह रौतेला के नाम पर रखे जाने, घनसाली में शिव शक्ति ढोल संस्कृति संगीत महाविद्यालय खोलने सहित कई विकास योजनाओं की घोषणा की।
शुक्रवार को गजा क्षेत्र में नवनिर्मित घंटाकर्ण मंदिर का लोकार्पण पर बतौर मुख्य अतिथि सीएम धामी ने कहा उत्तराखंड को देश का प्रथम समृद्ध राज्य बनाने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है। युवाओं को सरकारी सेवाओं में रोजगार देने के लिए नियुक्ति प्रक्रिया चल रही है। टिहरी झील में पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहन देने के लिए केंद्र सरकार की ओर से 12 सौ करोड़ का पैकेज स्वीकृत किया गया है। इससे पहले घंटाकर्ण मंदिर पहुंचकर सीएम ने घंडियाल देवता के दर्शन और पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख और समृद्धि की कामना की। घंटाकर्ण धाम में ठाकुर शैर्य चक्र विजेता स्व. भगत सिंह सजवाण की मूर्ति स्थल का भूमि पूजन भी किया गया। 16 लाख 50 हजार की लागत से बनी घंटाकर्ण पंपिंग योजना, 10 लाख की लागत से बने यात्री विश्राम गृह का लोकार्पण किया।
कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार देने के लिए सरकार बिना ब्याज के ऋण मुहैया करा रही है। हंस फाउंडेशन की मंगला माता व भोले महाराज ने कहा घंटाकर्ण का भव्य मंदिर निर्माण होने से अधिक संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए आएंगे। उन्होंने घंटाकर्ण धाम में धर्मशाला निर्माण के लिए 25 लाख देने की घोषणा की।
सीएम ने की घोषणाएं
-तिमली-खनेटी मोटर मार्ग के द्वितीय चरण का शुरू होगा निर्माण कार्य
-कौडियाला- बडीर मोटर मार्ग का निर्माण कार्य
-तैला- अखोडीसेरा मोटर मार्ग का सुधारीकरण एवं डामरीकरण
-शिवपुरी-धौड़ागल्ला मोटर मार्ग का डामरीकरण कार्य
-हिंडोला-मुडाला मोटर मार्ग का द्वितीय चरण का निर्माण कार्य
-बांसकाटल मोटर मार्ग का द्वितीय चरण का निर्माण कार्य
-भांगला मोटर मार्ग का द्वितीय चरण का निर्माण कार्य,
-गजा पसरखेत से पसरडांडा मोटर मार्ग का डामरीकरण, गजा में वाहन पर्किंग का निर्माण कार्य, गजा पसरखेत से गौताचली मोटर मार्ग का सुधारीकरण व डामरीकरण कार्य
-आईटीआई रणाकोट के अवशेष भवन का निर्माण करने
-बमणगांव-थन्यूल मोटर मार्ग का डामीरकरण
-सिलकणी से पजैगांव जूनियर हाई स्कूल तक मोटर मार्ग का नव निर्माण,
-मुनिकीरेती में चंद्रभागा नदी के बांये तट पर सुरक्षा दीवार निर्माण करने
-बेमुंडा-पिपलेथ मोटर मार्ग का डामरीकरण
-इंटर कॉलेज नैचोली का भवन निर्माण करने, इंटर कॉलेज गजा का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी नारायण सिंह चौहान के नाम पर रखे जाने
- घंटाकर्ण मंदिर के लिए बनेगी चार किमी सड़क
सीएम ने किया शरदोत्सव एवं विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ
पिथौरागढ़ के देवसिंह मैदान में शुक्रवार को शरदोत्सव एवं विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शरदोत्सव एवं विकास प्रदर्शनी से सुस्त पड़े पर्यटन कारोबार को नई ऊर्जा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने बेस चिकित्सालय पिथौरागढ़ का नाम पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय प्रकाश पंत के नाम पर रखने, जिला मुख्यालय के पांडेय गांव से निराड़ा तक सड़क का निर्माण, शरदोत्सव एवं विकास प्रदर्शनी के लिए प्रत्येक वर्ष 50 लाख रुपये सरकारी अनुदान देने, छिपला केदार मेला स्थल के लिए दो लाख रुपये देने, लंदन फोर्ट का नाम सोरगढ़ किले के नाम पर रखने की घोषणा के साथ देव सिंह मैदान का सौंदर्यीकरण तथा नगर पालिका भवन का जीर्णोद्धार करने की स्वीकृति दी।
118 करोड़ का कोविड राहत पैकेज जारी
सीएम धामी ने कहा हमने आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाओं के लिए 118 करोड़ का कोविड राहत पैकेज जारी कर दिया है। इससे 7.5 लाख महिलाओं को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि पूरे प्रदेश में और अधिक से अधिक महिलाओं को पर्यटन गतिविधियों से जोड़ा जाए। महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में हम लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधवा, निशक्त, दिव्यांग महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार कार्य कर रही है। सरकार ने मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना का शुभारंभ किया है। तीलू रौतेली और आंगनबाड़ी पुरस्कार की राशि को बढ़ाकर 51 हजार कर दिया है। साथ ही नंदागौरा योजना के तहत 2015 से 2017 तक वंचित रह गई 30 हजार बेटियों को योजना का लाभ देने के लिए 49 करोड़ की स्वीकृति सरकार ने दे दी है। केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड में सड़कों का विकास किया जा रहा है।
पहाड़ में रेल का सपना भी साकार होने की ओर है। केंद्र सरकार ने उत्तराखंड के लिए चारधाम आलवेदर रोड, भारत माला प्रोजेक्ट, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन की योजनाओं की सौगात दी है। उससे आने वाले समय में उत्तराखंड का आवागमन सुगम हो जाएगा। इसके अतिरिक्त केंद्र सरकार ने भौगोलिक एवं सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण 155 किमी के टनकपुर-बागेश्वर रेल मार्ग के अंतिम सर्वे को मंजूरी दे दी है। इसके लिए 28 करोड़ की धनराशि भी अवमुक्त कर दी है। सीएम धामी ने कहा कि हमारी सरकार दलगत राजनीति से ऊपर उठकर कार्य करती है। सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री स्व. नारायण दत्त तिवारी के कार्यों को हमारी सरकार ने सम्मान दिया है।
उन्होंने कहा पंतनगर सिडकुल का नाम अब पं. नारायण दत्त तिवारी के नाम पर होगा। इस अवसर पर पिथौरागढ़ विधायक चंद्रा पंत ने विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत किए जा रहे विकास कार्यों, संचालित योजनाओं के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर पेयजल मंत्री बिशन सिंह चुफाल, विधायक गंगोलीहाट मीना गंगोला, अध्यक्ष नगरपालिका राजेंद्र रावत, अध्यक्ष जिला सहकारी बैंक मनोज सामंत, जिलाध्यक्ष भाजपा वीरेंद्र वल्दिया, आयुक्त कुमाऊं सुशील कुमार, आईजी कुमाऊं नीलेश आनंद भरणे, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अनुराधा पाल, अपर जिलाधिकारी फिंचा राम चौहान आदि मौजूद रहे।
लंदन फोर्ट का नाम सोरगढ़ करने की घोषणा की
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घंटाकरण स्थित भाजपा कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं की समस्याएं भी सुनीं। कार्यकर्ताओं ने स्थानीय जनता की ओर से लंदन फोर्ट को सोरगढ़ करने की मांग सीएम के समक्ष रखी। इस पर उन्होंने लंदन फोर्ट का नाम सोरगढ़ करने की घोषणा की। कार्यकर्ताओं ने जनता की ओर से दिए गए ज्ञापन भी मुख्यमंत्री को सौंपे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जिले भर से कार्यकर्ता पहुंचे थे।