चुनाव 2019: मतदान के रुझान से निर्वाचन आयोग असहज, ऐसा हुआ तो लगेगा बड़ा झटका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लोकसभा चुनाव के प्रारंभिक मतदान के रुझान से निर्वाचन आयोग भी असहज हो गया है। मतदाता जागरूकता अभियान और पोलिंग बूथों पर सुविधाओं के तमाम इंतजाम के बावजूद भी प्रदेश में मतदान प्रतिशत गिरता है तो इससे निर्वाचन आयोग को झटका लगेगा।
हालांकि प्रदेश के सभी 11229 मतदान पार्टियों के पहुंचने के बाद ही आयोग अंतिम मतदान प्रतिशत जारी करेगा। 2014 के लोकसभा चुनाव में कुल 62.15 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले थे। वहीं, 2017 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में 65.56 प्रतिशत रिकॉर्ड किया गया।
प्रदेश में मत प्रतिशत बढ़ाने पर इस चुनाव में आयोग का सबसे ज्यादा फोकस था। इसके लिए चुनाव घोषणा से पहले ही सभी जिलों में बाकायदा स्विप कार्यक्रम के तहत जागरूकता अभियान चलाया गया।
स्कूल, कालेज, गली मोहल्लों में नुक्कड़ सभा और कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को मतदान के लिए प्रोत्साहित किया गया। वहीं, आयोग ने बूथों पर भी मतदाताओं की सुविधा के लिए खास इंतजाम किए थे।
प्रदेश के सभी 11229 मतदान स्थलों पर पीने के पानी, शौचालय, बैठने के लिए शैड, रैंप, बिजली, दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हील चेयर की व्यवस्था की थी। पहली बार सड़क से दूर बूथों पर गर्भवती महिला, बीमार और बुजुर्ग मतदाताओं को बूथ तक ले जाने के लिए बाकायदा डोली की व्यवस्था की थी।
आयोग की प्रारंभिक मतदान प्रतिशत को देखे तो मतदाताओं पर जागरूकता व इंतजामों का खास असर नहीं दिखा। लोग मत देने के लिए घरों से बाहर नहीं निकले। यदि मतदान प्रतिशत यही रहता है तो यह निर्वाचन आयोग के लिए एक झटका है।
क्योंकि इस बार के चुनाव में मतदान प्रतिशत पिछले लोकसभा व विधानसभा चुनाव को भी नहीं छू पाया है। उधर, मुख्य निर्वाचन अधिकारी सौजन्या का कहना है कि जिस तरह से प्रदेश में जागरूकता और प्रत्येक मतदाता का नाम वोटर सूची में दर्ज कराने के लिए अभियान चलाया गया था। हमें पूरी उम्मीद थी कि इस बार प्रदेश में मत प्रतिशत बढ़ेगा। सभी पोलिंग पार्टियों के पहुंचने के बाद ही सही मत प्रतिशत का पता लगेगा।
पिछले लोकसभा से मतदान प्रतिशत की तुलना
लोकसभा सीट 2014 2019
टिहरी 57.50 54.38
पौड़ी 55.03 49.89
अल्मोड़ा 53.22 48.78
नैनीताल 68.69 66.39
हरिद्वार 71.63 66.24
.........................................................................
कुल 62.15 57.85
राज्य गठन के बाद विधानसभा चुनाव में मत प्रतिशत
वर्ष मत प्रतिशत
2002 54.34
2007 59.45
2012 67.22
2017 65.56