चुनाव 2022: हरिद्वार में बसपा के कार्यक्रम में भिड़े बसपा के टिकट दावदारों के समर्थक, एक-दूसरे पर फेंकी कुर्सियां
Uttarakhand Election 2022: स्वागत समारोह का जब समापन होने लगा तो कुछ विधानसभा सीटों से टिकटों के प्रबल दावेदारों और अन्य दावेदारों के समर्थकों में कहासुनी हो गई।
विस्तार
हरिद्वार में बसपा के नए प्रदेश प्रभारी के स्वागत समारोह में जमकर कुर्सियां चलीं। विधानसभा चुनाव के टिकट के दावेदार के समर्थकों ने एक दूसरे पर जमकर कुर्सियां फेंकी और हाथापाई की। बसपा के कुछ वरिष्ठ नेताओं ने मामला शांत कराया।
उत्तराखंड: हरीश रावत ने सरकार पर लगाया सार्वजनिक कार्यक्रमों के भाजपाईकरण करने का आरोप, कहा ये
बसपा हाईकमान की ओर से पार्टी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. मेघराज जरावरे को नया प्रदेश प्रभारी बनाकर उत्तराखंड भेजा गया है। बसपा के शिवालालिक नगर स्थित प्रदेश कार्यालय पर दोपहर में डॉ. मेघराज जरावरे का स्वागत समारोह रखा गया था।
बताया जा रहा है कि स्वागत कार्यक्रम के दौरान विधानसभा चुनाव के टिकट वितरण को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई, लेकिन स्वागत समारोह का जब समापन होने लगा तो कुछ विधानसभा सीटों से टिकटों के प्रबल दावेदारों और अन्य दावेदारों के समर्थकों में कहासुनी हो गई।
कुर्सियों को उठाकर एक दूसरे पर मारना शुरू कर दिया
टिकट नहीं मिलने से नाखुुश लोग गलत टिकट दिए जाने का मुद्दा उठाने लगे। इससे कार्यालय का माहौल गर्म हो गया। देखते ही देखते टिकट के दावेदारों के समर्थकों ने वहां रखी कुर्सियों को उठाकर एक दूसरे पर मारना शुरू कर दिया।
इस दौरान बसपा के कुछ वरिष्ठ पदाधिकारियों ने मामला शांत किया। इस दौरान पार्टी के ही किसी कार्यकर्ता ने इस हंगामे का वीडियो भी अपने मोबाइल में बना लिया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। जिसके बाद अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर बड़ी तेजी के साथ वायरल हो रही है।