UK Big News: भाजपा पार्षद के घर लूट, केदारनाथ आएंगे मोदी, दोहरे हत्याकांड का आरोपी मुठभेड़ में पकड़ा
देहरादून में भाजपा पार्षद के घर लूट का मामला चर्चा में रहा। वहीं, अब पीएम मोदी भी उत्तराखंड आने वाले हैं।
विस्तार
जापान के संत स्वामी महादेवानंद गिरी और स्वामी कृष्णानंद गिरी को निरंजनी अखाड़े का महामंडलेश्वर बनाया गया है। वहीं, अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अक्तूबर में बाबा केदार के दर्शन करने आएंगे। उधर, आज देहरादून में लूट की वारदात से हड़कंप मच गया। पढ़ें अहम खबरें...
देहरादून: भाजपा पार्षद के घर सनसनीखेज वारदात, नौकर ने परिवार को विषाक्त पदार्थ पिलाकर की लूट, फरार
भाजपा पार्षद अमिता सिंह के घर में नौकर ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। मिली जानकारी के अनुसार घर में काम करने वाले नौकर ने परिवार के सदस्यों को विषाक्त पदार्थ पिला दिया। इसके बाद उसने घर में लूट की और मौके से फरार हो गया। जांच में सामने आया कि नेपाल निवासी नौकर को उनकी बेटी मेघा ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिये हायर किया था। वारदात को अकेले नौकर ने अंजाम नहीं दिया था। उसके बुलाने पर कुछ और लोग भी रात में घर पहुंचे थे। परिवार के सदस्यों को नशीला पदार्थ देने के बाद जब सभी बेहोश हो गए तो आरोपियों ने इत्मीनान से घर में लूटपाट की। पढ़ें पूरी खबर
उत्तराखंड: अक्तूबर में केदारनाथ आएंगे पीएम मोदी, पूजा अर्चना के साथ करेंगे पुनर्निर्माण कार्यों का निरीक्षण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अक्तूबर में बाबा केदार के दर्शन करने आएंगे। 22 से 25 अक्तूबर के बीच उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर तैयारी चल रही हैं। हालांकि अभी पीएमओ की ओर से प्रधानमंत्री का अधिकारिक रूप से कोई कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है। प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी अब तक छह बार केदारनाथ धाम आ चुके हैं। पढ़ें पूरी खबर
हरिद्वार: जापान के दो संत निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर बने, पट्टाभिषेक समारोह में प्रदान की गई उपाधि
जापान के संत स्वामी महादेवानंद गिरी और स्वामी कृष्णानंद गिरी को निरंजनी अखाड़े का महामंडलेश्वर बनाया गया। वीरभद्र मंदिर में आयोजित पट्टाभिषेक समारोह में उन्हें यह उपाधि प्रदान की गई। दोनों संत महामंडलेश्वर स्वामी बालाकुंभ पुरी के शिष्य हैं। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद और मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी की अध्यक्षता में यह समारोह हुआ। पढ़ें पूरी खबर
उत्तरकाशी: 20 हजार फीट की ऊंचाई पर चलने वाला पहला हेली रेस्क्यू अभियान, 67 पर्वतारोहियों को सुरक्षित निकाला
गंगोत्री हिमालय में समुद्रतल से करीब बीस हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित चोटियों पर देश का पहला सफल हेली रेस्क्यू अभियान चलाया गया। दो दिन चले इस अभियान में यूकाडा की हेली सेवाओं की मदद से टीमों ने 67 लोगों को सुरक्षित निकाला। इससे पूर्व अगस्त माह में सेना के हेलिकॉप्टर ने भी लद्दाख क्षेत्र की 18,500 फीट ऊंची नुन-कुन चोटी से एक घायल पर्वतारोही का सफल रेस्क्यू किया था। पढ़ें पूरी खबर
रुड़की: झबरेड़ा दोहरे हत्याकांड के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, मुठभेड़ के दौरान लगी पैर में गोली
रुड़की में दोहरे हत्याकांड के आरोपी अमन को पुलिस ने बूढ़पुर गांव के खेतों में भुठभेड़ दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पैर में लगी गोली लगने से उसको सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बता दें कि झबरेड़ी गांव निवासी अमन उर्फ भरोसी सिंह ने शनिवार को पड़ोसी युवक सूरज सिंह व सगी बहन रूपा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गया था। आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए टीम पुलिस टीमों का गठन किया गया था। आज आरोपी मुठभेड़ में पकड़ा गया। पढ़ें पूरी खबर
चमोली: नंदप्रयाग संगम पर अलकनंदा में बहा श्रद्धालु, पिंडदान के बाद जल लेते वक्त हुआ हादसा
नंदप्रयाग संगम पर में बुधवार को हादसा हो गया। तर्पण व पिंडदान करने पहुंचे तमिलनाडु के श्रद्धालुओं का एक साथी नदी से जल लेते वक्त अचानक पांव फिसलने से अलकनंदा की तेज धारा में बह गया। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ व पुलिस टीम मौके पर पहुंची। तीर्थयात्री की काफी ढूंढखोज की गई, मगर उसका कोई पता नहीं चल पाया है। पढ़ें पूरी खबर
कोटद्वार: ढंगलगांव में देवर केसाथ बकरियां चरा रही थी महिला, अचानक भालू ने कर दिया हमला, बुरी तरह हुई जख्मी
नैनीडांडा ब्लॉक के ढंगलगांव में बुधवार शाम को बकरियां चरा रही महिला पर भालू ने हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे उपचार के लिए रामनगर ले गए। पढ़ें पूरी खबर