ऊधमसिंह नगरः नवनिर्वाचित बीडीसी सदस्य के पति और बेटे का अपहरण, बरामद
- तमंचे के बल पर उठा ले गए थे कार में सवार पांच हथियारबंद लोग, बहनोई को छोड़ दिया
- एसपी क्राइम ने थाने में डेरा जमाया, पुलिस ने बाद में पिता-पुत्र को सकुशल बरामद किया
विस्तार
बहनोई के साथ सात साल के बीमार बेटे की दवाई लेने जा रहे टुकड़ी गांव की नवनिर्वाचित बीडीसी सदस्य के पति और उनके बच्चे का कार में सवार पांच हथियारबंद बदमाशों ने अपहरण कर लिया। जानकारी मिलने पर पुलिस ने तुरंत यूपी और नेपाल को जाने वाली सीमाओं को सील कर तलाशी अभियान चलाया।
दो घंटे के बाद अगवा पिता-पुत्र को सीमावर्ती क्षेत्र में एक घर से सकुशल बरामद कर लिया गया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद से एसपी क्राइम प्रमोद कुमार समेत तमाम अधिकारी थाने में डेरा जमाए हुए हैं। अगवा किए गए व्यक्ति के बहनोई की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
मंगलवार देर रात क्षेत्र पंचायत टुकड़ी की नवनिर्वाचित सदस्य सोनिया राणा के सात वर्षीय पुत्र प्रभात राणा का स्वास्थ्य खराब हो गया। महेश सिंह राणा अपने बहनोई वार्ड एक सितारगंज निवासी रोशन सिंह राणा पुत्र कृपाल सिंह के साथ कार (यूके06एटी-0428) से दवाई ले लेने नानकमत्ता आ रहे थे। ध्यानपुर के पास पीछे से आई कार (यूके06एएल-5910) ने ओवरटेक कर उनकी कार को रोक लिया।
इसके बाद हथियारबंद पांच लोगों ने रोशन सिंह और महेश पर तमंचा तान दिया। बदमाशों ने दोनों का मोबाइल और कार की चाबी ले ली। मारने की धमकी देने के साथ बदमाशों ने महेश और उनके पुत्र प्रभात को अपनी कार में बैठा लिया, जबकि रोशन को छोड़ गए। अचानक घटित घटनाक्रम से बदहवास रोशन ने तत्काल थाना पुलिस को जानकारी दी। इस पर पुलिस में हड़कंप मच गया।
सीमावर्ती क्षेत्रों को सील कर कांबिंग की
थानाध्यक्ष कमलेश भट्ट ने उच्चाधिकारियों को मामला बताया और तत्काल सीमावर्ती क्षेत्रों को सील कर कांबिंग शुरू कर दी। एसपी क्राइम प्रमोद कुमार, सीओ खटीमा महेश चंद बिंजोला भी थाने पहुंचे और अपहरण के दो घंटे बाद पुलिस ने महेश और उनके पुत्र प्रभात को सीमावर्ती क्षेत्र ग्राम मटिहा निवासी मंगत सिंह उर्फ सुक्खा पुत्र जरनैल सिंह के घर से सकुशल बरामद कर लिया।
गृहस्वामी और अपहरण करने वाले फरार हो चुके थे। पुलिस ने रोशन की तहरीर पर ग्राम देवकली नानकमत्ता निवासी कुलदीप सिंह, ग्राम पहसैनी निवासी गुरमीत सिंह, छवैग सिंह, ग्राम टुकड़ी निवासी कुलविंदर सिंह, नानकमत्ता निवासी लाखन रस्तोगी के खिलाफ आईपीसी की धारा 395, 364, 364ए तथा 506 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर तलाश शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष कमलेश भट्ट ने बताया कि पुलिस लगातार नामजद आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी करने के लिए दबिश दे रही है। बताया कि जांच की जा रही है। अभी तक की जांच में मामला ब्लॉक प्रमुख के चुनाव से संबंधित सामने आया है।
बीडीसी ने सुरक्षित जगह पर ली पनाह
नानकमत्ता। पति और बेटे के अपहरण के बाद नवनिर्वाचित बीडीसी सदस्य सोनिया राणा अपने घर पर ही खुद को असुरक्षित महसूस करने लगी। परिवार में भी दहशत का माहौल है। इस वजह से सोनिया ने घर को छोड़ किसी सुरक्षित जगह पर पनाह ली है। परिजनों ने बताया कि अपहरण जैसी घटना के बाद सोनिया भी असुरक्षित है। जिस कारण उसे घर से कहीं सुरक्षित जगह भेजा है। ब्यूरो