स्कूल जा रहे दो छात्र उफनाए गदेरे में बहे, एक की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड के उत्तरकाशी में स्कूल जा रहे दो छात्र उफनाए गदेरे को पार करते वक्त बह गए। हादसे में एक छात्र की मौत हो गई जबकि दूसरे छात्र को पास ही खेतों में काम कर रही महिलाओं ने बचा लिया।
शनिवार सुबह दसवीं कक्षा के छात्र महर गांव निवासी मनीष और कंडियाल गांव निवासी दीपक अपने स्कूल राइंका गुंदियाटगांव जा रहे थे।
शुक्रवार रात मूसलाधार बारिश के चलते गांव के पास सड़क के रपटे से होकर बह रहा मांडिया खड्ड (बरसाती नाला) उफान पर था। दोनों छात्र खड्ड को पार कर रहे थे लेकिन तेज बहाव में खुद को संभाल नहीं पाए और बह गए।
आधा किमी दूर खेतों में मिला छात्र का शव
पास ही खेतों में काम कर रही महिलाओं ने किसी तरह मनीष को सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता हासिल की, लेकिन पानी के तेज बहाव में 16 वर्षीय दीपक बह गया। उसका शव करीब आधा किमी दूर पोरा गांव के पास मिला।
पंचनामा भर शव परिजनों को सौंपा
सूचना मिलते ही एसडीएम आरके पांडेय, नायब तहसीलदार केपी नौटियाल एवं थानाध्यक्ष ठाकुर सिंह रावत के नेतृत्व में मौके पर पहुंची राजस्व पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
मृतक के दो बड़े भाई चंडीगढ़ में नौकरी करते हैं। उन्हें सूचना दे दी गई है। मृतक की विधवा मां मीना देवी का रो-रो कर बुरा हाल है। राइंका गुंदियाटगांव में शोकसभा कर स्कूल की छुट्टी कर दी गई। शाम को कंडियालगांव में पैतृक घाट पर मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया।