रामपुर तिराहा गोलीकांड: सीएम बोले, मुलायम सरकार के अत्याचारों से और मजबूत हुए थे हमारे हौंसले
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेयी ने राज्य निर्माण का अपना वचन निभाया। उत्तराखंड राज्य अटल की देन है। केंद्र में रही कांग्रेस की सरकारों को इसमें कोई दिलचस्पी नहीं थी।
वहीं उस समय की मुलायम सरकार ने जितना अत्याचार किया, जनता उतनी ही अधिक एकजुट हुई। उत्तराखंड आंदोलन के शहीदों ने राज्य के विकास को लेकर जो सपना सजाया था, भाजपा सरकार इन सपनों को पूरा करने का काम करेगी। 23 वर्ष पूर्व आंदोलनकारियों का सहयोग करने वाले आसपास के ग्रामीणों को भी मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत सुबह 9.30 बजे रामपुर तिराहा स्थित शहीद स्मारक स्थल पर पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने उत्तराखंड के शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि समारोह में उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य निर्माण के आंदोलन में 28 युवाओं ने अपना सर्वस्व बलिदान किया।
उत्तराखंड राज्य की जनता के भविष्य के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। इन शहीदों ने जिस सोच के साथ अपने प्राण न्योछावर किए, हम उनके सपनों को साकार करने का काम करेंगे। विकास के पथ पर आगे बढ़कर हम उनकी सोच का उत्तराखंड बनाएंगे। सीएम ने कहा कि उत्तराखंड के आंदोलन ने उस समय की सरकारों को हिला कर रख दिया था।
ग्रामीणों का किया सम्मान
आम जनमानस आंदोलन में शामिल हो गया था। केंद्र की कांग्रेस सरकार भी अलग राज्य के पक्ष में नहीं थी। पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेयी ने राज्य निर्माण का वादा निभाया। उत्तराखंड राज्य अटल की देन है। आंदोलन के दौरान उत्तराखंड के लोगों की सहायता करने वाले सिसौना, मेदपुर, बागोवाली, रामपुर गांव के लोगों को मुख्यमंत्री ने सम्मानित भी किया।
उत्तराखंड के भाजपा अध्यक्ष अजय भट्ट, उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष हरबंस कपूर, रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा, हरिद्वार भाजपा जिलाध्यक्ष कल्पना सैनी, बिजनौर सांसद भारतेंद्र सिंह, मुजफ्फरनगर जिले के सदर विधायक कपिलदेव अग्रवाल, खतौली विधायक विक्रम सैनी, चरथावल विधायक विजय कश्यप, बुढ़ाना विधायक उमेश मलिक और पुरकाजी विधायक प्रमोद उंटवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष आंचल, महावीर शर्मा, शरद शर्मा, प्रभारी डीएम अंकित अग्रवाल, एसएसपी अनंत देव तिवारी आदि रहे।
शहीद स्मारक स्थल की बराबर में क्षेत्र के ग्रामीणों को सम्मानित करने के लिए आयोजित कार्यक्रम में त्रिवेंद्र रावत ने बड़ी संख्या में उन ग्रामीणों को सम्मानित किया, जिन्होंने आंदोलन के दौरान उत्तराखंड वासियों की जान बचाने का काम किया था। सीएम त्रिवेंद्र रावत ने ग्रामीणों का उत्साह बढ़ाया। समारोह में मुख्य रूप से पूर्व सांसद अनुराधा चौधरी, मनोज गोयल, सचिन त्यागी, गगन त्यगी, अंबरीश त्यागी, विकास त्यागी, सुनील उनियाल आदि मौजूद रहे।