दर्दनाक हादसा: बाइक का स्टैंड ही बन गया काल, टैंकर से कुचलकर हुई युवक की मौत
बाइक का खुला स्टैंड एक युवक के लिए मौत का कारण बन गया। युवक आगे चल रहे पानी के टैंकर को ओवरटेक कर रहा था, इसी दौरान बाइक का खुला स्टैंड सड़क से टकरा गया। इससे वह सड़क पर गिर पड़ा और टैंकर के पहिये के नीचे आ गया।
मौके से फरार हुए टैंकर चालक ने बाद में झाझरा पुलिस चौकी में आत्मसमर्पण कर दिया। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में मांडुवाला स्थित तिब्बती कालोनी निवासी सोनम गगदु (32) बृहस्पतिवार तीसरे पहर मोटर साइकिल पर प्रेमनगर से घर की तरफ आ रहा था।
रास्ते में पानी के टैंकर को ओवरटेक करते समय सोनम का संतुलन बिगड़ गया। नतीजा यह हुआ कि वह मोटर साइकिल समेत सड़क पर गिर गया। टैंकर का पिछला पहिया उसके सिर को कुचलते हुए निकल गया।
सोनम की मौके पर ही मौत हो जाने के बाद चालक टैंकर छोड़कर फरार हो गया। इसी बीच सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परीक्षण के लिए भेज दिया।
एसओ प्रेमनगर नरेन्द्र गहलावत ने बताया कि आसपास मौजूद लोगों से बातचीत में पता चला कि सोनम की मोटर साइकिल का स्टैंड खुला था, जिसके सड़क से टकराने के कारण यह हादसा हुआ है। उसने हेलमेट भी नहीं पहना था। बाद में टैंकर चालक जगदीश गुलेरिया निवासी भाऊवाला सहसपुर ने पुलिस चौकी पहुंचकर हादसे की जानकारी दी।