बदरीनाथ-केदारनाथ धाम समेत ऊंची चोटियों पर बर्फबारी से बढ़ी ठंड, 7 जिलों में ओलावृष्टि-आंधी का अलर्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों में बुधवार को भी मौसम का मिजाज बिगड़ा रहा। केदारनाथ में साढ़े छह घंटे तक बर्फबारी हुई। यहां करीब साढ़े बारह फीट बर्फ जमी है। चमोली जिले में बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में दिनभर रुक-रुककर बर्फबारी हुई। बदरीनाथ धाम में छह और हेमकुंड साहिब में नौ फीट बर्फ जमी है।
वहीं, गुरुवार को प्रदेश के सात जिलों राजधानी दून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल और पिथौरागढ़ में ओले गिरने और तेज आंधी चलने का भी अनुमान है। इसको देखते हुए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार यहां 60 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से आंधी चल सकती है।
केदारनाथ धाम में दोपहर साढ़े 12 बजे से हल्की बर्फबारी शुरू हो गई, जो शाम सात बजे तक जारी रही। विगत पांच जनवरी से यहां हर दूसरे दिन बर्फबारी हो रही है। भारी बर्फ के कारण 21 जनवरी से यहां बिजली और पानी की सप्लाई भी ठप पड़ी है। इधर, द्वितीय केदार मद्महेश्वर, तृतीय केदार तुंगनाथ, हरियाली डांडा में भी तेज बर्फबारी हुई है। रुद्रप्रयाग समेत जनपद के घाटी क्षेत्रों में पूरे दिन बादल छाए रहे।
आंधी से कार के ऊपर गिरा सूखा पेड़
चमोली जिले में भी दिनभर मौसम खराब रहा। बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी, गौरसों बुग्याल, रुद्रनाथ, लाल माटी, नंदा घुंघटी के साथ ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों में दिनभर रुक-रुककर बर्फबारी हुई।
बदरीनाथ में हो रही बर्फबारी से हनुमान चट्टी से बदरीनाथ तक हाईवे से बर्फ हटाने का कार्य भी थम गया है। जिले के निचले क्षेत्रों में आसमान में बादल छाए रहे। मार्च माह में भी हो रही बर्फबारी से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में धान और आलू की फसल पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है।
आंधी से बदरीनाथ हाईवे पर मारवाड़ी के समीप एक सूखा पेड़ वहां खड़ी कार के ऊपर जा गिरा। गनीमत रही कि उस दौरान कार में कोई सवार नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। पुलिस की मदद से पेड़ को हाईवे से हटाया गया। पेड़ गिरने से कार क्षतिग्रस्त हो गई है। थाना प्रभारी जयपाल सिंह नेगी ने बताया कि कार के ऊपर से पेड़ को हटा दिया गया है और बदरीनाथ हाईवे पूरी तरह से सुचारु है।