गैस सिलिंडर पाइप लीकेज से छह झुलसे, सिडकुल में स्पेयर पार्ट्स की दुकान में लगी आग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोटद्वार के सिम्मलचौड़ वार्ड में आज दिन में एलपीजी गैस सिलिंडर के पाइप में लीकेज के चलते रसोई में आग लगने से छह लोग झुलस गए। उन्हें राजकीय बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां दो की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य चार को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
आग से झुलसी नामिका देवी (35) पत्नी रघुवीर सिंह ने बताया कि वह शनिवार दिन के एक बजे खाना बनाने के लिए रसोई में गई। जैसे ही उसने गैस चूल्हा जलाने के लिए लाइटर जलाया, किचन में आग लग गई। रसोई के पास उसकी 10 महीने का बेटा प्रतीक बैठा हुआ था। वह भी झुलस गया।
चीख पुकार सुनकर उसका बेटा आशु (15), अमन (11), पड़ोसी अंकित (18) और जमशेद (22) आग बुझाने के लिए पहुंच गए। उन्होंने बोरा डालकर उसे आग से बचाया और किसी प्रकार गैस सिलिंडर बंद किया। इस दौरान आग बुझाने के चक्कर में सभी झुलस गए। लोगों ने सभी को राजकीय बेस अस्पताल में भर्ती कराया।
बेस अस्पताल में डॉक्टरों ने नामिका देवी और बेटे प्रतीक को अधिक झुलसा होने पर भर्ती कर दिया। क्षेत्रीय पार्षद गिंदी दास ने बताया कि संबंधित गैस एजेंसियों की ओर से उपभोक्ताओं को जागरूक करने के लिए कार्यक्रम चलाए जाने चाहिए, जिससे इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
सिडकुल में स्पेयर पार्ट्स की दुकान में लगी आग
हरिद्वार में सिडकुल क्षेत्र में एक स्पेयर पार्ट्स की दुकान में आग लग गई। अग्निकांड की सूचना पाकर पहुंचे दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
सिडकुल हाईवे पर महादेवपुरम कॉलोनी के ठीक बाहर विजय लक्ष्मी स्पेयर पार्ट्स के नाम से दुकान है। शुक्रवार देर रात गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों ने दुकान से धुआं निकलते देखा तो पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलने पर सिडकुल फायर स्टेशन से एफएसओ गोपाल सिंह तत्काल टीम के साथ तीन दमकल वाहन लेकर घटनास्थल के लिए रवाना हुए।
दमकलकर्मियों ने शटर तोड़कर आग बुझाना शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। लेकिन, तब तक दुकान का सामान जलकर राख हो चुका था। एफएसओ गोविंद सिंह ने बताया कि दुकान के मालिक का नाम सुनील कुमार है।
प्रारंभिक जांच में शार्ट सर्किंट के चलते दुकान में आग लगने की बात सामने आई है। फिर भी जांच जा रही है। दुकान के मालिक के अनुसार, लाखों का नुकसान हुआ है।