उत्तराखंड को देश का नंबर वन राज्य बनाने का वादा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने हरिद्वार में आयोजित शंखनाद रैली के माध्यम से प्रदेश में चुनावी शंखनाद कर दिया है। लोगों का मूड को भांपने में माहिर अमित शाह ने अपने 28 मिनट के भाषण में स्थानीय मुद्दों को शामिल करते हुए जनता की नब्ज टटोलने की कोशिश की। उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का ब्यौरा प्रस्तुत करते हुए कहा कि उत्तराखंड में अगली बार हमें मौका दीजिए हम इसे देश का नंबर एक राज्य बनाएंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर हरीश रावत को घेरने की कोशिश की। अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी मोदी सरकार से दो साल के कामकाज का हिसाब मांग रहे हैं। वो हरीश रावत से क्यों नहीं पूछ रहे हैं कि उन्होंने दो साल में क्या-क्या किया।
रावत ने पिछले दो साल के अंदर शराब घोटाला, जमीन घोटाला किया, उनका खुद का स्टिंग हो गया। उन्होंने कहा कि फ्लोर टेस्ट के दौरान एक-एक विधायक को 5-5 करोड़ रुपया दिया गया। जिसने पांच-पांच करोड़ ले लिया वो वहां हैं, जिसने नहीं लिया वो हमारे साथ मंच पर मौजूद हैं। फ्लोर टेस्ट के दौरान हरीश रावत के पक्ष में 32 विधायक खड़े हुए। इन 32 विधायकों में से एक भी ऐसा नहीं है जिसे लाल बत्ती न मिली हो। जनता के पैसे से हरीश रावत अपनी सरकार बचाने की कोशिश कर रहे हैं।
बोले, चुनाव आए तो उखाड़ फेंकना रावत की भ्रष्टाचारी सरकार
अपने भाषण के दौरान अमित शाह भीड़ से संवाद स्थापित करते हुए दिखे। अपने द्वारा उठाए गए सवाल का जवाब वो भीड़ से पूछते रहे। उन्होंने भीड़ से पूछा कि हरीश रावत का स्टिंग देखा था कि नहीं। हरीश रावत अपनी सरकार को बचाने के लिए जो पैसे खर्च कर रहे हैं वो किसका है?
भीड़ से आवाज आई, हमारा है। अगर पैसा आपका है तो इस भ्रष्टाचारी सरकार को बर्दाश्त क्यों कर रहे हैं? उखाड़ फेंको इस भ्रष्टाचारी सरकारी को। फिर कहा चलो कुछ दिन और बर्दाश्त कर लो, जब चुनाव आए तो इस सरकार को उखाड़ फेंकना। हमें मौका देना हम वादा करते हैं कि पहाड़ का पानी और पहाड़ की जवानी का उपयोग पहाड़ के लिए करेंगे। उत्तराखंड को देश का नंबर एक राज्य बनाकर दिखाएंगे।
इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा उत्तराखंड में केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही विकास की योजनाओं से भी अवगत कराया। जिसमें चारधाम यात्रा के सहायता, आल वेदर रोड के लिए 12,500 रुपये व कैलाश-मानसरोवर मार्ग को खोलना शामिल है। शंखनाद रैली में शामिल होने वाले पार्टी के पूर्व मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक व पदाधिकारी भी चुनावी रंग में रंगे दिखाई दिए। सभी ने हरीश रावत सरकार पर हमला बोला। कुछ विधायकों व पूर्व विधायकों के समर्थक उनके समर्थन में नारेबाजी करते दिखे।