देहरादून: विधायक की पत्नी ने महिला के खिलाफ दी एक और तहरीर, लगाया गवाह को धमकी देने का आरोप
- जांच के लिए पुलिस ने तहरीर को पुराने मुकदमे में किया शामिल
विस्तार
उत्तराखंड में द्वाराहाट विधायक महेश नेगी के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद अब उनकी पत्नी ने महिला के खिलाफ एक और तहरीर दी है। महिला पर आरोप है कि उसने मुकदमे के गवाह को धमकाया है। पुलिस ने इस तहरीर को पहली विवेचना में शामिल करते हुए जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि पिछले महीने विधायक की पत्नी रीता नेगी ने महिला के खिलाफ ब्लैकमेलिंग का मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद महिला ने भी विधायक पर आरोप लगाते हुए तहरीर दी, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं हुआ।
इसके बाद उसने हाईकोर्ट से गिरफ्तारी स्टे हासिल करते हुए स्थानीय कोर्ट में शिकायत की थी। इस शिकायत को स्वीकार करते हुए शनिवार को कोर्ट ने विधायक और उनकी पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए थे।
इस आधार पर नेहरू कॉलोनी थाने में शनिवार देर रात विधायक के खिलाफ दुष्कर्म और उनकी पत्नी के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज दर्ज किया गया। लेकिन, अब विधायक की पत्नी का महिला पर आरोप है कि उसका उनके एक गवाह के पास सोमवार को फोन आया।
पहले तो गवाह ने फोन नहीं उठाया, लेकिन बाद में फोन रिसीव किया तो गवाह को धमकियां देना शुरू कर दिया। विधायक की पत्नी के अनुसार महिला ने गवाह को जान से मारने की धमकी भी दी। नेहरू कॉलोनी थाना इंस्पेक्टर राकेश गुसाईं ने बताया कि इस तहरीर को भी पुरानी जांचों में शामिल कर लिया गया है।
महिला ने एसएसपी से की शिकायत
विधायक पर आरोप लगाने वाली महिला ने एसएसपी को शिकायत पत्र भेजा है। महिला का आरोप है कि पुलिस कर्मचारी उसे विधायक के साथ मामला सुलटाने के लिए दबाव बना रही है।
Sexual harassment case against Uttarakhand BJP MLA Mahesh Negi: Woman who accused the MLA, writes to SSP Dehradun alleging that Sub Inspector Neema Rawat had forced her to settle the matter with the MLA. The woman also requests that the case be investigated by some other Officer.
— ANI (@ANI) September 7, 2020
पुलिस ने महिला को बयान के लिए भेजा नोटिस, तीन दिन में बुलाया
विधायक महेश नेगी के खिलाफ दर्ज हुए मुकदमे में पुलिस ने वादी महिला को नोटिस भेजकर तीन दिन के भीतर बयान दर्ज कराने को कहा है। महिला को सोमवार को बयान के लिए बुलाया गया था लेकिन उसने कोई कारण बताते हुए आने से इंकार कर दिया।
महिला ने पुलिस को बताया है कि वह तीन दिन बाद थाने आकर बयान दर्ज कराएगी। महिला की कोर्ट में दी गई शिकायत के आदेश पर ही नेहरू कॉलोनी थाने में विधायक के खिलाफ दुष्कर्म और उनकी पत्नी के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया गया है।