उत्तराखंड: SC/ST एक्ट के विरोध में 26 प्रदर्शनकारी गिरफ्तार,दलित समाज के लोगों ने किया जमकर हंगामा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दलित समाज की ओर से दो अप्रैल को भारत बंद आह्वान के दौरान रुड़की और मंगलौर में किए गए हिंसक प्रदर्शन के बाद पुलिस प्रशासन ने बवालियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। बुधवार को पुलिस ने कई जगहों से 26 लोगों को गिरफ्तार किया है।
अब तक पुलिस 47 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। वीडियो फुटेज को खंगालने के साथ कई जगहों पर दबिश दी है। जल्द ही अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी हो सकती है। उधर, गिरफ्तारी के विरोध में लोगों के साथ महिलाओं ने भी थाने में पहुंचकर प्रदर्शन किया।
गौरतलब है कि सोमवार को रुड़की में दलित समाज के हजारों लोगों ने प्रदर्शन किया था। इस दौरान गणेशपुर रुड़की और मंगलौर के पास हाईवे पर प्रदर्शनकारी हिंसक हो गए थे। रुड़की में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच पथराव और फायरिंग भी हुई थी। इसमें पुलिस कर्मियों समेत 12 से लोग घायल हुए थे।
वहीं, लक्सर क्षेत्र के मौहमम्मदपुर निवासी 16 वर्षीय किशोर के पैर में छर्रे लग गए थे। इसका देहरादून में इलाज कराया जा रहा है। इसके अलावा मंगलौर के पास हाईवे पर प्रदर्शनकारियों ने एक बस फूंकने के बाद पुलिस पर पथराव कर दिया था। इस दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से वीडियोग्राफी भी कराई गई थी। इसके आधार पर पुलिस बवालियों की पहचान करने में जुटी है।
बुधवार को पुलिस ने अलग-अलग कोतवाली थानों में करीब 26 लोगों की गिरफ्तारी की है। इसमें गंगनहर कोतवाली रुड़की में तीन, सिविल लाइंस कोतवाली में 15, भगवानपुर थाने में आठ लोगों की गिरफ्तारी शामिल है। सोमवार को मंगलौर कोतवाली में 15 और मंगलवार को छह लोगों की गिरफ्तारी की गई थी। अब तक बवाल के मामले में पुलिस कुल 47 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस वीडियो फुटेज को खंगालने में जुटी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार कई जगहों पर दबिश जारी है। जल्द ही अन्यों की गिरफ्तारी भी की जा सकती है ।
पांच लोगों की गिरफ्तारी पर भड़का दलित समाज
बुधवार को भगवानपुर क्षेत्र के एक गांव में पांच लोगों की गिरफ्तारी के बाद दलित समाज के लोगों का गुस्सा भड़क गया। महिलाओं के साथ पहुंचे लोगों ने भगवानपुर थाने में जमकर हंगामा किया। इस दौरान दलित नेता भी थाने पहुंचे ।
पुलिस अधिकारियों ने अतिरिक्त पुलिस बल मंगाकर जिले में धारा 144 लागू होने का हवाला देते हुए सख्ती दिखाई। जिसके बाद नेताओं के आह्वान पर ग्रामीण लौट गए। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों का चालान कर दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की सुबह दबिश देकर रुहालकी दयालपुर गांव के पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने वीडियो फुटेज के आधार पर हिंसक प्रदर्शन करने वाले अमित कुमार, अंकित कुमार, संजय कुमार, वीर बहादुर, दिनेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया और भगवानपुर थाने में ले आई।
इसकी जानकारी गांव के लोगों को हुई तो आक्रोश फैल गया। दोपहर के समय ग्रामीण महिलाओं के साथ इकट्ठा हो गए और भगवानपुर थाने में पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान इन लोगों ने थाने में हीं जय भीम के नारे लगाने शुरू कर दिए। माहौल बिगड़ता देख पुलिस ने आला अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। जिसके बाद आनन फानन में महिला पुलिस के साथ अतिरिक्त फोर्स थाने में भेजा गया।
इसी बीच कई दलित नेता भी थाने में पहुंच गए। यहां पहुंचे कांग्रेस अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुशील पेंगोवाल ने पुलिस पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। जब थाने में पर्याप्त पुलिस पहुंच गई तो पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर सख्ती अपनाते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी । साथ ही जिले में धारा 144 लागू होने का भी हवाला दिया गया। जिसके बाद नेताओं के समझाने पर ग्रामीण वापस लौट गए।