रुड़की : स्क्रैप गोदाम में चौकीदार और बुजुर्ग दंपती को बंधक बनाकर डकैती
- सात हथियारबंद बदमाशों ने देर रात भगवानपुर-हरिद्वार मार्ग पर दिया वारदात को अंजाम
- सीओ ने गोदाम पर पहुंच पीड़ितों से ली जानकारी, गोदाम मालिक की तहरीर पर केस दर्ज
- 40 हजार नकद, चार मोबाइल, कुंडल, पाजेब, डेढ़ कुंतल तांबा समेत अन्य सामान ले गए
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हथियारबंद सात बदमाशों ने शुक्रवार देर रात एक स्क्रैप गोदाम में बुजुर्ग दंपती और चौकीदार को बंधक बनाकर लाखों की डकैती की वारदात को अंजाम दे डाला। बदमाशों ने दंपती को कमरे में बंद करने के बाद चौकीदार के हाथ बांधकर तीन घंटे तक कहर बरपाया और फरार हो गए।
इसके बाद पास में ही स्थित दूसरे गोदाम में भी डकैती की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो पाए। डकैती की सूचना मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। आननफानन में सीओ रुड़की व कलियर एसओ मौके पर पहुंचे और पीड़ितों से जानकारी ली। गोदाम मालिक की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
ज्वालापुर निवासी अय्यूब का कलियर थाना क्षेत्र स्थित भगवानपुर-हरिद्वार बाईपास मार्ग पर स्क्रैप गोदाम है। इसमें कबाड़ समेत बड़ी संख्या में तांबे का सामान रखा है। गोदाम पर उनके ससुर इदरीश (करीब 53), सास फरीदा (करीब 45) निवासी साहिबाबाद, नौकर दाऊद (35) निवासी जौरासी रहते हैं। शुक्रवार रात करीब दो बजे सात हथियारबंद बदमाशों ने गोदाम की दीवार में सेंध लगाई और अंदर जा घुसे। बदमाशों ने छत पर सो रहे नौकर दाऊद को उठाया और नीचे ले जाकर उसके हाथ बांध दिए।
दंपती को तमंचे के बल पर बंधक बनाया
इसके बाद कमरे के अंदर सो रहे दंपती को तमंचे के बल पर बंधक बना लिया। बदमाशों ने शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद बंद कमरे का ताला खुलवाया और वहां रखी करीब 40 हजार की नकदी उठा ली। बदमाशों ने दंपती और नौकर के चार मोबाइल भी ले लिए। महिला के कान के कुंडल, पाजेब, पति से 1500 रुपये छीन लिए। गोदाम के अंदर रखा करीब डेढ़ कुंतल तांबा समेत अन्य सामान भी भर लिया।
तीन घंटे गोदाम खंगालने के बाद नौकर के हाथ खोलकर दंपती के साथ कमरे में बंद कर फरार हो गए। इसके बाद बदमाशों ने स्क्रैप गोदाम के बगल में ही इंतजार निवासी पीरपुरा के हार्डवेयर के गोदाम में भी सेंध लगाने की कोशिश की, लेकिन गोदाम की दीवार से सटाकर सामान रखा होने के कारण वे सेंध नहीं लगा पाए और फरार हो गए। उधर, कमरे में बंद दंपती, नौकर खिड़की पर रखे कूलर को हटाकर बाहर निकले और मार्निंग वॉक पर निकले लोगों को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही सीओ रुड़की चंदन सिंह बिष्ट, एसओ अजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन की। तब तक गोदाम मालिक अय्यूब समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। सीओ ने दंपती और नौकर से घटना की जानकारी ली। सीओ चंदन सिंह बिष्ट ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। बदमाशों की तलाश में सीआईयू और पुलिस की टीम लगाई गई है।