उत्तराखंड: कुमाऊं में आफत की बारिश, कई मकान धवस्त, दो की मौत, जगह-जगह सड़कें बाधित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड के कुमाऊंभर में रुक-रूक कर लगातार हो रही बारिश लोगों की आफत लेकर आ रही है। पर्वतीय क्षेत्रों में सड़कों पर मलबा आने के कारण यातायात बाधित होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ऊधमसिंह नगर के शक्तिफार्म में जंगल गया अरविंद नगर गांव निवासी ननी हालदार की बरसाती नाले में बहने से मौत हो गई। बागेश्वर जिले के फल्याटी गांव निवासी इंद्र कुमार की घर से कुछ दूर गधेरे में नहाने के दौरान मिर्गी का दौरा पड़ने से मौत हो गई।
जौलजीबी के गड़गांव (दूतीबगड़) में आवासीय मकान ध्वस्त होने से पति-पत्नी और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। तीन बकरियों की मौत हो गई, जबकि घर का सारा सामान दब गया। बगड़ीहाट में सड़क बंद होने से 108 वाहन के जौलजीबी नहीं पहुंच पाने से घायल चार घंटे तक जौलजीबी में तड़फते रहे। बाद में किसी तरह उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। नैनीताल जिले में जिले में छह मोटर मार्ग बंद पड़े हैं।
उधर, पिथौरागढ़-कनालीछीना-धारचूला सड़क बुधवार रात से बंद है। जौलजीबी के पास भी सड़क एक घंटे तक बंद रही। बांसबगड़ सड़क में सुबह 9 बजे तक बड़े वाहनों की आवाजाही नहीं हो सकी। मुनस्यारी से घूमकर लौट रहे लोग रातभर जौलजीबी में फंसे रहे। धारचूला क्षेत्र में ग्राम पंचायत मेतली के चामी में कुंदन राम का मकान ध्वस्त हो गया।
मंदिर की दीवार गिरने से कारें क्षतिग्रस्त
काशीपुर में बुधवार की रात तेज हवा के साथ हुई बारिश में एक मंदिर की दीवार गिर गई, जिसकी चपेट में आने से दो कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। टनकपुर में नवनिर्मित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम इंजीनियरिंग कॉलेज भवन के प्रवेश द्वार की करीब 80 वर्ग मीटर फाइबर से निर्मित छत बुधवार रात भारी बारिश के दौरान भरभरा कर धराशायी हो गई। दिन के समय घटना होने से बड़ा हादसा टल गया।
सरोवर नगरी नैनीताल में सुबह के वक्त बूंदाबांदी हुई। इसके बाद अपरान्ह दो बजे के बाद से शाम तक रुक-रुक कर बारिश होती रही। यहां पिछले 24 घंटे में 60 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। रुक-रुककर लगातार हो रही बारिश से नैनी झील का जलस्तर बृहस्पतिवार को दो इंच बढ़कर 1 फुट 7 इंच तक पहुंच गया। बारिश के चलते जिले में छह मोटर मार्ग बंद पड़े हैं।
रामनगर से मिले समाचार के अनुसार धनगढ़ी में काशीपुर-बुआखाल एनएच पर विशालकाय पेड़ गिरने से तीन घंटे तक जाम लगा रहा। बाद में जेसीबी की मदद से एनएच और वन कर्मियों ने पेड़ को सड़क से हटा कर यातायात सुचारु किया।
छह जिलों में होगी भारी बारिश
प्रदेश के छह जिलों में शुक्रवार को भी भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने छह जिलों में भारी बारिश के आसार जताए हैं। वहीं, अन्य इलाकों में भी अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार आज राजधानी देहरादून, नैनीताल, चंपावत, ऊधमसिंह नगर, पिथौरागढ़ और पौड़ी के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं, गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के अन्य जिलों में भी बारिश होने का अनुमान है। मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार फिलहाल प्रदेश में बारिश लगातार बनी रहेगी।
दो घंटे अवरुद्ध रहा बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग
बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग फरासू के समीप मलबा आने से लगभग दो घंटे अवरुद्ध रहा। यहां देर शाम तक मलबा आने का सिलसिला जारी रहा और वाहन ऐसी ही स्थिति में आवाजाही करते रहे।
दोपहर बाद हुई तेज बारिश से श्रीनगर से करीब 6 किलोमीटर दूर फरासू से पहले अपराह्न साढ़े 3 बजे पहाड़ी से मलबा सड़क में आ गिरा, जिससे यहां वाहनों की आवाजाही बाधित हो गयी। लोनिवि ने शाम लगभग साढ़े छह बजे मलबा हटाकर यातायात चालू कराया, लेकिन लगभग 10 मिनट बाद फिर पहाड़ी से मलबे गिरने लगा। कुछ देर में मशीनों ने मलबा हटाकर पुन: मार्ग को आवाजाही लायक बनाया। हालांकि यहां मार्ग आवागमन के लिए खोल दिया गया है, लेकिन मलबा गिरना जारी है, जिससे सड़क अवरुद्ध होने की आशंका है।