जमीन का लालच देकर दो प्रापर्टी डीलरों को बुलाया और कर लिया किडनैप, फिर पुलिस के जाल में फंसे ऐसे
देहरादून में पुलिस ने अपहरणकर्ताओं के चुंगल में फंसे सहारनपुर के दो प्रापर्टी डीलरों को सकुशल मुक्त करा लिया। साथ ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दो फरार हो गए। बदमाशों ने दोनों को देहरादून में सस्ती जमीन खरीदने का लालच देकर यहां बुलाया था। बाद में उन्हें बंधक बनाकर 25 लाख की फिरौती मांगी। परिजन पांच लाख देने को राजी हो गए थे।
पुलिस अधीक्षक नगर श्वेता चौबे ने पत्रकारों को बताया कि सहारनपुर निवासी एजाज ने सोमवार रात बिंदाल पुलिस चौकी पर सूचना दी कि देहरादून में कुछ लोगों ने उनके परिचित गुलशेर निवासी शहीद गंज डाक खाने वाली गली, सहारनपुर और तौसीफ निवासी बेहट अड्डा सहारनपुर को बंधक बना लिया है।
खलील नाम के व्यक्ति ने उन्हें सस्ती जमीन खरीदने के बहाने देहरादून बुलाया था। अपहरणकर्ताओं ने दोनों की रिहाई के बदले 25 लाख रुपये की मांग की है। सौदेबाजी के बाद परिजन पांच लाख रुपये देने को राजी हो गए। रकम लेकर उन्हें बल्लूपुर चौक के पास बुलाया गया था।
एसपी ने बताया कि रात में ही पुलिस टीम ने बल्लूपुर चौक पर घेराबंदी कर दी। देर रात करीब साढ़े तीन बजे एक सेंट्रो कार पंडितवाड़ी की तरफ से आई और बल्लूपुर चौक पर रेकी कर वापस चल गई। इसके बाद दूसरी कार आई। कार से उतरे एक युवक ने फिरौती का बैग लेकर कार से गुलशेर और तौसिफ को धक्का दे दिया। इसके बाद तेजी से भागने का प्रयास किया। पुलिस ने बिना देर किए घेराबंदी कर कार को रोक लिया।
कार सवार दो अपहरणकर्ता जफ र निवासी मोहल्ला शेखगान, ननौता (सहारनपुर) और मोहित निवासी न्यू बसंत विहार को गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि सचिन राणा और नवाब निवासी ननौता सहारनपुर कार से फरार होने में कामयाब रहे। मोहित बसंत विहार क्षेत्र में फल बेचता है, जबकि जफर की सुभाषनगर में जूस की दुकान है।
बैग में रखी थी अखबार की रद्दी
अपहरणकर्ताओं की आंखों में धूल झोंकने के लिए बैग में रकम की जगह में कागजों की रद्दी भरी गई थी। अपहरणकर्ता लगातार गुलशेर के फोन से एजाज और उसके परिजनों से संपर्क साध रहे थे। इसी लिहाज से पुलिस भी अपनी योजना बदलती गई।
बेरहमी से की गई प्रापर्टी डीलरों की पिटाई
अपहरणकर्ताओं ने दोनों प्रापर्टी डीलरों गुलशेर और तौसिफ की बेरहमी से पिटाई की। शरीर पर चोटों के निशान इसकी गवाही दे रहे हैं। गुलशेर का कहना था कि रात में शराब पीने के बाद आरोपियों ने उन्हें बुरी तरह पीटा। उसके मोबाइल नंबर से ही अपहरणकर्ताओं ने फिरौती की रकम मांगी थी। उन्हें दो स्थानों पर रखा गया था।
लालच में फंसे प्रापर्टी डीलर
एसपी सिटी ने बताया कि अपहरणकर्ताओं ने लालच देकर प्रापर्टी डीलरों को अपने जाल में फंसाया था। दोनों डीलर देहरादून में एक करोड़ की जमीन को 30 लाख रुपये में खरीदने के चक्कर में आए थे। गुलशेर का कहना था कि आरोपियों ने उन्हें पेशगी के तौर पर दो लाख रुपये लाने को कहा था, लेकिन वे 40 हजार रुपये ही लाए थे। इससे भी आरोपी काफी आग बबूला थे।
पुलिस टीम को पुरस्कार
एसएसपी अरुण मोहन जोशी ने एसपी सिटी श्वेता चौबे के निर्देशन में गठित टीम में शामिल सीओ अरविंद सिंह रावत, इंस्पेक्टर नदीम अतहर, एसएसआई राकेश शाह, बिंदाल चौकी प्रभारी विवेक राठी, उप निरीक्षक वेद प्रकाश, कांस्टेबल प्रदीप, अरुण कुमार, प्रमोद, प्रदीप अरविंद और ललित और अमित को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।