ऑनलाइन बुकिंग से हैं परेशान, ऐसे बुक करें गैस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गैस सिलेंडर बुक कराने और नया कनेक्शन लेने में तकनीक काफी झिकझिक करा रही है। एक तरफ अधिकतर लोगों को नई सुविधा के इस्तेमाल की जानकारी नहीं है तो दूसरी ओर कंपनियों का सर्वर धीमा चलने या डाउन रहने से भी उपभोक्ताओं को दिक्कत हो रही है।
पिछले दो दिनों से सर्वर धीमा चलने की वजह से लोगों को नया कनेक्शन नहीं मिल पा रहा है। दरअसल, तेल कंपनियों ने उपभोक्ताओं की मदद और कालाबाजारी पर लगाम के लिए गैस बुकिंग की ऑनलाइन योजना शुरू की है। लेकिन हर रोज भारी संख्या में लोग बुकिंग के लिए एजेंसियों में कतार लगाए नजर आ रहे हैं।
ऐसे उपभोक्ताओं में अधिकतर वे लोग हैं, जिन्हें मोबाइल पर बुकिंग के दौरान काल सेंटर से पूछे जाने वाले सवालों पर डाटा फीड करना नहीं आता। इनमें भी अधिकतर उपभोक्ता बुजुर्ग और तकनीकी ज्ञान न जानने वाले हैं।
जबकि युवा पीढ़ी घर बैठे आसानी से गैस बुक करा रही है। माना जा रहा है कि तेल कंपनियों को योजना की सौ फीसदी कामयाबी के लिए हर उपभोक्ता को बुकिंग की प्रक्रिया समझानी होगी।
इस तरह करें बुकिंग
- आपकी एजेंसी जिस कंपनी की है, मोबाइल से उसका नंबर डायल करें
(इंडेन: 9012554411, भारत गैस: 9411156789, एचपी: 8191923456)
- कॉल मिलते ही भाषा का चयन करने का विकल्प मिलेगा
(उदाहरण के लिए हिंदी के लिए 1, अंग्रेजी के लिए 2 आदि...)
- जिस भाषा में आप बात करना चाहें, वह नंबर मोबाइल पर दबाएं
- कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव फोन उठाकर आपका नाम, पता, कनेक्शन कंफर्म करेगा
- एग्जीक्यूटिव के गैस एजेंसी का लैंडलाइन नंबर पूछने पर अपने मोबाइल पर नंबर दबाएं
- नंबर दबाते ही आपकी एजेंसी का नाम ऑनलाइन कंफर्म हो जाएगा
- इसके बाद एग्जीक्यूटिव उपभोक्ता का वेरिफिकेशन शुरू करेगा
- उसके पूछने पर अपना कनेक्शन नंबर मोबाइल पर दर्ज करें
- वेरिफिकेशन के बाद एग्जीक्यूटिव गैस बुकिंग, स्टेटस आदि की जानकारी मांगेगा
- एग्जीक्यूटिव कुछ नंबर बताएगा, अपनी सुविधा के अनुसार जरूरी नंबर दबाएं
- एग्जीक्यूटिव प्रक्रिया पूरी होने की जानकारी के साथ बता देगा कि गैस कितने दिन में मिलेगी
ये आ रही दिक्कत
योजना के तहत उपभोक्ता के कॉल करने पर काल सेंटर एग्जीक्यूटिव कई तरह की जानकारियां मांगता है, जिनमें उपभोक्ता का कनेक्शन नंबर, गैस एजेंसी का लैंडलाइन नंबर आदि एक के बाद एक मोबाइल पर नंबर दबाकर दर्ज करना होता है।
बुजुर्ग और तकनीकी जानकारी नहीं रखने वाले अकसर या तो नंबर नहीं दबा पाते या फिर कुछ गलती कर बैठते हैं। डाटा में गड़बड़ी होने पर गैस बुक नहीं हो पाती। ऐसे में परेशानी से बचने के लिए उपभोक्ता सीधे एजेंसी का रुख कर रहे हैं।
एक ही बार लंबी प्रक्रिया
उपभोक्ता को मोबाइल पर गैस बुक कराने की लंबी प्रक्रिया से सिर्फ एक बार गुजरना होगा। पहली बार में ही उपभोक्ता का मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड कर लिया जाता है। अगली बार बुकिंग के लिए एग्जीक्यूटिव लैंडलाइन नंबर, कनेक्शन नंबर आदि नहीं मांगेगा। सीधे गैस बुक कर ली जाएगी।
गैस एजेंसियों में सर्वर डाउन
गैस की ऑनलाइन बुकिंग में सर्वर डाउन होना बड़ी समस्या बन गई है। कई एजेंसियों में एक-दो दिन से ऐसी शिकायत आई हैं, जिसकी वजह से उपभोक्ताओं को न तो कोई जानकारी मिल पा रही है और न ही नया कनेक्शन मिल पा रहा है।
ऐसे में लोग परेशान हो रहे हैं। निरंजनपुर सब्जी मंडी स्थित सत्यशील गैस एजेंसी में पिछले दो दिनों से ऐसी समस्या आ रही है। आईओसी के एरिया सेल्स मैनेजर रोहन दलाल ने बताया कि कुछ तकनीकी समस्या से सर्वर धीमा हो गया था। अब ठीक कर दिया गया है।
गैस बुकिंग के लिए कंपनियों ने नई योजना शुरू की है, लेकिन इससे हमारी परेशानी बढ़ गई है। हमें फोन पर बुकिंग समझ नहीं आ रही। इसकी पूरी जानकारी दी जानी चाहिए।
- राजरानी बंसल, राजपुर रोड
बुकिंग सेवा ऑनलाइन हो गई है। जिन लोगों को तकनीक का बिलकुल ज्ञान नहीं है, उनके लिए तेल कंपनी ने अलग सिस्टम बनाया है, जिसके तहत एजेंसियों में गैस बुक की जा रही है। एजेंसी में भी बुकिंग ऑनलाइन की जाती है। अंतर यह है कि उपभोक्ता के बजाय कर्मचारी डाटा फीड करते हैं। हालांकि, एजेंसी में आने वाले लोगों को प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है। ऑनलाइन बुकिंग का आंकड़ा बढ़ा है। तकनीकी जानकारी न रखने वालों के अलावा वे ही उपभोक्ता एजेंसी में आ रहे हैं, जिनके एड्रेस या फोन नंबर बदल गए हैं या अन्य परेशानी है।
- चमनलाल, अध्यक्ष, दून एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन