एनआईटी में ढाई महीने बाद फिर शुरू फिर शुरू हुई पढ़ाई, 900 छात्रों ने एक साथ छोड़ा था कैंपस
पिछले ढाई माह से कक्षाओं का बहिष्कार कर रहे एनआईटी (राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान) उत्तराखंड के छात्र-छात्राएं कक्षाओं में लौट आए हैं। सोमवार से कक्षाएं शुरू होने पर एनआईटी प्रशासन ने राहत की सांस ली है।
एनआईटी के श्रीनगर परिसर में लगभग 353 और सेटेलाइट परिसर एमएनआईटी (मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान) जयपुर में लगभग साढ़े 500 छात्र-छात्राओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। संस्थान में लगभग 930 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं।
एनआईटी के स्थायी कैंपस के निर्माण होने तक सुविधाजनक स्थान में कैंपस शिफ्टिंग सहित अन्य मांगों के लिए 4 अक्तूबर से आंदोलन कर रहे एनआईटी उत्तराखंड के छात्र-छात्राएं सोमवार को कक्षाओं में लौट आए हैं।
मांग पूरी न होने पर वह 23 अक्तूबर को हॉस्टल छोड़कर घर चले गए थे। जंतर-मंतर दिल्ली में आंदोलन के बाद एमएचआरडी (मानव संसाधन विकास मंत्रालय) ने एनआईटी जयपुर के खाली भवनों में तीन साल के लिए सेटेलाइट कैंपस चलाने का निर्णय लिया था।
छात्रों से दोनों स्थानों में किसी भी एक स्थान चुनने का विकल्प दिया गया था। इसके बाद उनके कक्षाओं में लौटने की संभावना बन गई थी। वर्तमान में एनआईटी उत्तराखंड के शिक्षक और कर्मचारी दोनों स्थानों में तैनात हैं।
जो रोस्टर में जयपुर तैनात रहेंगे। संस्थान के कार्यवाहक निदेशक प्रो. आरबी पटेल ने बताया कि दोनों परिसरों में कक्षाएं शुरू हो गई हैं। सुबह 8 से रात 9 बजे तक कक्षाएं चल रही हैं।