दिल्ली की ‘ठाकुर गर्ल’ बनी नैनीताल की सुकीर्ति
नैनीताल की सुकीर्ति कांडपाल बिग बॉस सीजन-8 के पहले राउंड में भले ही बाहर हो गईं, लेकिन वह सोमवार से एंड टीवी पर शुरू होने वाले सीरियल ‘दिल्ली वाली ठाकुर गर्ल’ में मुख्य किरदार निभाती नजर आएंगी।
अमर उजाला से बातचीत में सुकीर्ति ने बताया कि ‘दिल्ली वाली ठाकुर गर्ल’ सीरियल किताब ‘द प्राइसी ठाकुर गर्ल’ पर आधारित है। इसमें उसे देबजानी नाम से मुख्य किरदार की भूमिका निभाने का मौका मिला है।
सीरियल में देबजानी को किताबें और कुत्तों से बहुत प्यार है। वह ठाकुर परिवार की पांच बेटियों में से बहुत ही होनहार है। देबजानी पेशे से जर्नलिस्ट हैं।
वह कहती हैं कि जर्नलिस्ट की भूमिका निभाने के लिए मैंने कई न्यूज चैनल और समाचार पत्रों के दफ्तरों में जाकर देखा कि कैसे पत्रकार काम करते हैं, जिससे मुझे पत्रकार की भूमिका निभाने में काफी आसानी हुई है। सीरियल की अधिकांश शूटिंग दिल्ली में ही हुई है।
बिग बॉस से मिली लोकप्रियता
नैनीताल हाईकोर्ट में एडवोकेट जनरल बीडी कांडपाल की बेटी सुकीर्ति बताती हैं कि बिग बॉस में पहले ही राउंड में बाहर हो गईं, लेकिन उसमें भाग लेने से उन्हें काफी लोकप्रियता मिली। सुकीर्ति इससे पहले ‘कैसा ये इश्क है’, ‘दिल मिल गए’, ‘प्यार की ये एक कहानी’ में मुख्य भूमिका निभा चुकी हैं।
‘गंगा’ में हल्द्वानी के रोमांच निभा रहे मामा की भूमिका
हल्द्वानी के रामपुर रोड निवासी टीवी कलाकार रोमांच मेहता एंड टीवी पर शुरू हुए ‘गंगा’ सीरियल में रतन मामा की भूमिका में नजर आएंगे। उन्होंने फोन पर बताया इस सीरियल में उनकी पत्नी राखी टंडन बनी हैं।
बता दें कि रोमांच सब्जी मंडी स्थित क्लीनिक के डॉक्टर सुभाष मेहता के पुत्र हैं। इस सीरियल से पहले भी वह सीआईडी, सावधान इंडिया, सम्राट अशोक, हर हर महादेव में भी अहम किरदार निभा चुके हैं।