देहरादून में मेट्रो चलवाएंगे मुख्यमंत्री हरीश रावत!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री हरीश रावत ने देश में प्रस्तावित 100 स्मार्ट शहरों के मानकों में शिथिलता देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को भी इसका लाभ दिया जाए।
केंद्रीय शहरी विकास मंत्री के नाम इस आशय का एक पत्र उन्होंने केंद्रीय शहरी विकास सचिव शंकर अग्रवाल को सौंपा। अग्रवाल बीजापुर गेस्ट हाउस में मुख्यमंत्री से रविवार को मिले। इस दौरान मुख्यमंत्री ने देहरादून में मेट्रो चलाने के संदर्भ में चर्चा भी की।
सीएम की चिट्ठी में कहा गया है कि स्मार्ट सिटी योजना में उत्तराखंड की भौगोलिक, पर्यावरणीय निर्माण लागत, जनसंख्या को देखते हुए छह मानकों में विशेष शिथिलता की आवश्यकता है।
सीएम और केंद्रीय सचिव ने देहरादून में मेट्रो की संभावनाओं पर भी चर्चा की। मुख्यमंत्री ने शहरी विकास सचिव को बताया कि राज्य में पहले से जेएनएनयूआरएम, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं हेरिटेज परिसंपत्तियों के विकास से संबंधित केंद्रीय योजनाओं के लिए सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं।
इस पर केंद्र को तेजी के साथ काम करना चाहिए जिससे राज्य को लाभ मिल सके। मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा व हरिद्वार को हैरिटेज व कल्चर सिटी बनाने के साथ ही दो हिल टाउन बनाए जाने की बात कही।
जल्द ही धरातल पर होंगी सभी योजनाएं
केंद्रीय शहरी विकास सचिव शंकर अग्रवाल ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा स्वच्छ भारत अभियान, स्मार्ट सिटी, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, हेरिटेज टाउन समेत अनेक योजनाओं पर काम किया जा रहा है।
जल्द ही सभी योजनाएं धरातल पर होंगी। बैठक में देहरादून में मेट्रो की संभावना पर भी चर्चा हुई। अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को भरोसा दिलाया कि जल्द ही राज्य के सभी प्रस्तावों पर शीघ्र कार्यवाही की जाएगी।
सचिव पर अभद्रता का आरोप
हरिद्वार कांग्रेस के महासचिव संदीप गौड़ ने एचआरडीए की सचिव निधि यादव पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री से शिकायत की है। आरोप है कि दलित समाज से ताल्लुक रखने के कारण सचिव ने उनसे अभद्रता भी की।
देहरादून के बीजापुर गेस्ट हाउस में मुख्यमंत्री हरीश रावत से मुलाकात कर कांग्रेसी नेता ने बताया कि वह एचआरडीए सचिव निधि यादव से मुलाकात करने गए थे। आरोप है कि एचआरडीए सचिव ने उनके साथ अभद्रता कर दी और अपने ऑफिस से निकालते हुए भविष्य में कभी न आने की चेतावनी दी।
कांग्रेसी नेता ने मुख्यमंत्री से मांग की कि एचआरडीए सचिव को बर्खास्त किया जाए। बर्खास्तगी की कार्रवाई न होने पर 11 अक्तूबर से बीजापुर गेस्ट हाउस पर अनशन शुरू कर देंगे। सचिव निधि यादव कहना है कि कांग्रेसी नेता के लगाए आरोप बेबुनियाद हैं। उन्होंने कुछ भी आपत्तिजनक नहीं कहा।