मेगा वैक्सीनेशन अभियान: उत्तराखंड में एक दिन में रिकॉर्ड 1.75 लाख लोगों को लगे टीके, चार माह में शत प्रतिशत टीकाकरण का दावा
शनिवार को प्रदेश भर में मेगा वैक्सीनेशन कैंप आयोजित किया गया। इसके लिए सभी 13 जनपदों में 1082 केंद्रों में टीकाकरण किया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तराखंड ने एक दिन में सर्वाधिक कोविड टीकाकरण में रिकॉर्ड बनाया है। पहली बार पूरे प्रदेश में 1082 केंद्रों पर 1.75 लाख से अधिक लोगों को टीके लगवाए गए। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए अब तक राज्य में 65.87 लाख लोगों को टीके लगाए जा चुके हैं। टीकाकरण में उत्तराखंड देश में पांचवें स्थान पर है।
शनिवार को प्रदेश भर में मेगा वैक्सीनेशन कैंप आयोजित किया गया। इसके लिए सभी 13 जनपदों में 1082 केंद्रों में टीकाकरण किया गया। 175244 लोगों को कोविड वैक्सीन की पहली व दूसरी डोज लगाई गई। जिसमें 18 से अधिक आयु वर्ग के 173197 लोगों ने टीके लगवाए। जबकि 338 स्वास्थ्य कर्मियों और 1709 फ्रंट लाइन वर्करों को वैक्सीन की डोज दी गई।
उत्तराखंड में कोरोना: 24 घंटे में मिले 29 संक्रमित, एक भी मरीज की मौत नहीं, 48 हुए ठीक
टीके लगवाने के लिए केंद्रों में लोगों को खूब भीड़ रही। सरकार ने दिसंबर माह तक शत प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य रखा है। केंद्र से वैक्सीन उपलब्ध होने से प्रदेश में टीकाकरण की रफ्तार बढ़ रही है। राज्य प्रतिरक्षण अधिकारी डा. कुलदीप मर्तोलिया का कहना है कि शनिवार को पूरे प्रदेश में 1.75 लाख से अधिक लोगों को वैक्सीन लगाई गई। यह अब तक का एक दिन में सर्वाधिक आंकड़ा है। केंद्र की ओर से नियमित रूप से टीके उपलब्ध कराए जा रहे हैं। रविवार को भी केंद्र से टीकों की खेप आने की संभावना है।
प्रदेश में आज लगाई गई कोविड वैक्सीन का जनपदवार ब्योरा
जनपद - 18 से अधिक आयु - स्वास्थ्य कर्मी - फ्रंट लाइन वर्कर
अल्मोड़ा - 8774 - 11 - 96
बागेश्वर - 1540 - 03 - 21
चमोली - 5337 - 45 - 82
चंपावत - 3528 - 08 - 86
देहरादून - 43046 - 97 - 197
हरिद्वार - 38535 - 41 - 180
नैनीताल - 15742 - 34 - 456
पौड़ी - 12478 - 35 - 74
पिथौरागढ़ - 4330 - 03 - 62
रुद्रप्रयाग - 1851 - 09 - 25
टिहरी - 7050 - 22 - 44
ऊधमसिंह नगर- 28128 - 26 - 334
उत्तरकाशी - 2858 - 04 - 52
.................................................................................................
कुल- 173197 - 338 - 1709
चार माह में शत प्रतिशत वैक्सीनेशन : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने त्यागी रोड स्थित संत निरंकारी भवन में मेगा कोविड वैक्सीनेशन कैंप का शुभारंभ किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विश्व का सबसे बड़ा कोविड टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। प्रदेश में राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों तक कैंप लगाकर टीकाकरण किया जा रहा है।
चार माह में प्रदेश में शत प्रतिशत कोविड-19 वैक्सीनेशन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने टीकाकरण के लिए आए लोगों से मिलकर उनका हालचाल पूछा। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि संत निरंकारी भवन में एक हजार वैक्सीनेशन का लक्ष्य रखा गया है। आज प्रदेश में डेढ़ लाख कोविड वैक्सीनेशन करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 750 कैंप लगाए गए हैं। इस अवसर पर स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. तृप्ति बहुगुणा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
बीते 24 घंटे में 29 नए कोरोना संक्रमित मिलेशिक्षकों और कर्मचारियों का विशेष अभियान चलाकर होगा वैक्सीनेशन
प्रदेश में शिक्षकों और कर्मचारियों का विशेष अभियान चलाकर वैक्सीनेशन होगा। अमर उजाला में दो अगस्त को ‘आधी अधूरी तैयारियों के साथ आज से खुलेंगे स्कूल’ खबर के प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद शिक्षा सचिव राधिका झा ने समस्त जिलाधिकारियों को इस संबंध में निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारियों को यह भी कहा गया है कि समस्त डीएम स्कूलों की साप्ताहिक समीक्षा करेंगे। इस दौरान वे खुद भी स्कूलों का निरीक्षण करेंगे।
शिक्षा सचिव की ओर से जिलाधिकारियों को जारी निर्देश में कहा गया है कि स्कूलों को खोले जाने का निर्णय कोविड संक्रमण में कमी एवं छात्रों की पढ़ाई का नुकसान न हो इसे देखते हुए लिया गया है। इन दिनों स्कूलों के साथ ही ऑनलाइन पढ़ाई चल रही है। अभिभावकों की सहमति के बाद ही बच्चों को स्कूल बुलाया जा रहा है।
छात्र-छात्राओं के हित में पढ़ाई के लिए स्कूल खोले गए हैं, लेकिन छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। विशेष अभियान चलाकर शिक्षकों एवं कर्मचारियों का वैक्सीनेशन कराया जाना तय किया जाए। इस संबंध में स्वास्थ्य सचिव की ओर से भी निर्देश जारी किया गया है। समस्त जिलाधिकारी समय-समय पर अधिकारियों के साथ ही खुद भी स्कूलों का निरीक्षण करें। जिलाधिकारी किसी एक वरिष्ठ अधिकारी को नोडल अधिकारी भी नामित कर सकते हैं।
प्रदेश में हैं इतने स्कूल
प्रदेश में नौवीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं के लिए स्कूल खुले हैं। इसमें सरकारी और निजी हाईस्कूलों की संख्या 1354 है। जबकि 2479 इंटरमीडिएट कॉलेज हैं। जिनमें करीब तीन लाख से अधिक छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं।
इतने स्कूलों में हैं इतने शिक्षक
प्रदेश के सरकारी माध्यमिक 2349 स्कूलों में करीब 24000 शिक्षक हैं। जबकि पांच सौ अशासकीय विद्यालयों में करीब 7000 शिक्षक हैं। शिक्षक संगठनों के मुताबिक कई शिक्षकों का अब तक वैक्सीनेशन नहीं हुआ।