रुड़की: एक ही रात में चोरों ने तीन घरों में मचाया तांडव, ऐसे उड़ाए लाखों के जेवर और नकदी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कलालहटी गांव में चोरों ने एक ही रात तीन घरों के ताले तोड़कर लाखों के जेवर और नकदी उड़ा ली। ग्रामीणों की सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। ग्रामीणों ने पुलिस को चोरी की तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घटना बृहस्पतिवार रात की है, जब परिवार के लोग गहरी नींद में सो रहे थे।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र के कलालहटी गांव के तीन ग्रामीणों ने चोरी की शिकायत की है। दिनेश चौहान ने बताया कि बृहस्पतिवार रात परिवार के लोग नीचे के कमरों में सो रहे थे। इसी दौरान चोरों ने ऊपर की मंजिल पर बने कमरों के ताले तोड़कर सोने की तीन नथ, तीन तोले की चेन, चांदी की चार पायल, गले का हार, सोने की चूड़ियां समेत बीस हजार की नकदी चोरी कर ली। भूपेंद्र चौहान ने बताया कि चोर उनके मकान से सोने के तीन हार, चार चूड़ियां, तीन गले की चेन, अंगूठी, नथ, पाजेब और पांच हजार की नकदी ले गए हैं।
जनेश्वर चौहान ने पुलिस को बताया कि उनके घर से सोने की एक चेन, एक अंगूठी, पायल, मंगलसूत्र समेत पांच हजार की नकदी चोरी कर ली। चोरी का पता तब चला जब सुबह परिवार के लोग सोकर उठे और घर का सामान बिखरा देख।
सोते रहे परिवार, चोर करते रहे वारदात
तीनों घरों से चोरों ने करीब आठ लाख के जेवर और तीस हजार की नकदी चोरी की है। शुक्रवार सुबह सूचना पाकर पुलिस और एसओजी टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। एसआई प्रवीण कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कलालहटी गांव में चोरों ने एक ही रात तीन घरों को निशाना बनाकर पुलिस को चुनौती दी है। बृहस्पतिवार रात चोर तीनों घरों में घुसकर एक के बाद एक चोरी की वारदात को अंजाम देते रहे और तीनों परिवारों को इसकी भनक तक नहीं लगी। चोरों ने तीनों घरों को तसल्ली से खंगाला, लेकिन परिवार के लोग आराम की नींद सोते रहे।
शुक्रवार सुबह परिवार के लोगों की आंख खुली तो चोरी का पता चला। ग्रामीणों का कहना है कि चोर पहले भी चोरी कर चुके हैं, जिनका अभी तक पुलिस खुलासा नहीं कर पाई है। उधर, एसओ गोविंद कुमार का कहना है कि जल्द चोरी का खुलासा किया जाएगा। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि चोरी की वारदात रोकने के लिए रात में पुलिस की गश्त बढ़ाई जाएगी।