फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Dehradun News ›   Loot from jewellery shop on gun point in roorkee bhagwanpur

रुड़की: तमंचे के बल पर दिन दहाड़े सुनार की दुकान से लाखों की लूट, ग्राहकों से भी नकदी-जेवर लूटे

Wed, 21 Aug 2019 08:38 AM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भगवानपुर(रुड़की)
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भगवानपुर(रुड़की) Published by: अलका त्यागी Updated Wed, 21 Aug 2019 08:38 AM IST
विज्ञापन
Loot from jewellery shop on gun point in roorkee bhagwanpur
लूट के बाद जांच करती पुलिस - फोटो : अमर उजाला

बेखौफ बदमाशों ने रुड़की के भगवानपुर में भीड़भाड़ वाले बाजार में स्थित एक सुनार की दुकान से तमंचे के बल पर लाखों की लूट को अंजाम दे दिया। विरोध करने पर बदमाशों ने सुनार पर तमंचे की बट से हमला कर उसे घायल कर दिया। बदमाशों ने दुकान के अंदर बैठे चार ग्राहकों से भी नकदी और जेवर लूट लिए। साथ ही सुनार और ग्राहकों के मोबाइल तोड़ दिए। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश बाइक लेकर हवा में तमंचा लहराते हुए फरार हो गए। 

विज्ञापन


सूचना मिलते ही एसपी देहात, सीओ मंगलौर, गंगनहर कोतवाली प्रभारी, एसओ भगवानपुर समेत सीआईयू की टीम मौके पर पहुंची। एसपी देहात ने मामले की जानकारी ली। साथ ही पुलिस और सीआईयू ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। 

विज्ञापन


भगवानपुर के बनियोवाला मोहल्ला निवासी नितिन बंसल की नए मार्केट में सुनार की दुकान है। रोजाना की तरह वह मंगलवार को अपनी दुकान पर बैठे थे। दोपहर को करीब दो बजे उनकी दुकान पर दो महिलाएं और दो व्यक्ति जेवर खरीदने आए। करीब ढाई बजे दो बाइकों पर सवार होकर नकाब और हेलमेट पहने चार बदमाश तमंचा लेकर उनकी दुकान में घुस आए। बदमाशों ने तमंचे के बल पर नितिन बंसल और ग्राहकों को बंधक बना लिया। विरोध करने पर एक बदमाश ने दुकानदार पर तमंचे की बट से हमला कर उसे घायल कर दिया। शोर मचाने पर बदमाशों ने जान से मारने की धमकी दी। 

विज्ञापन
विज्ञापन


इस दौरान बदमाशों ने सुनार की दुकान में रखे सोने चांदी के जेवर दो कट्टों में भर लिए। इतना ही नहीं उन्होंने दोनों महिलाओं के कान के कुंडल भी उतरवा लिए और दोनों व्यक्तियों की जेब से नकदी निकाल ली। इसके बाद बदमाशों ने दुकानदार और ग्राहकों के मोबाइल छीनकर तोड़ दिए। दुकान से सारा सामान समेटने के बाद बदमाश धमकी देते हुए बाइक पर बैठकर तमंचा लहराते हुए फरार हो गए।

 

आननफानन में दुकानदार ने दुकान से बाहर आकर शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए और घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एसपी देहात नवनीत सिंह, सीओ मंगलौर डीएस रावत, गंगनहर कोतवाली प्रभारी राजेश साह, एसओ भगवानपुर संजीव थपलियाल, एसओ प्रभारी रुड़की रविंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसपी देहात ने दुकानदार और ग्राहकों से घटना की जानकारी ली। पुलिस और एसओजी ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके बाद पीड़ित दुकानदार ने थाने पहुंचकर तहरीर दी। 

बदमाश कर रहे थे रेकी

स्थानीय दुकानदारों के अनुसार, दो बाइकों पर चार युवक दोपहर से ही कस्बे में घूम रहे थे। बदमाश सुनार की दुकानों के आसपास ही मंडरा रहे थे। बदमाश घटना वाली दुकान के आसपास अन्य सुनारों की दुकानों पर भी गए थे। लेकिन वहां भीड़भाड़ होने के कारण वह वारदात को अंजाम नहीं दे पाए। इसके बाद बदमाश नितिन बंसल की दुकान पर पहुंचे। आशंका है कि यहां दुकान के आसपास भीड़भाड़ न होने और दुकान के अंदर भी कम ग्राहक होने पर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। 

पुलिस की तीन टीमें बनाई
एसपी देहात नवनीत सिंह ने बताया कि घटना के खुलासे और बदमाशों को पकड़ने के लिए सीआईयू समेत पुलिस की तीन टीमें बनाई गई हैं। तीनों टीमों को अलग-अलग क्षेत्रों में बदमाशों की तलाश के लिए लगाया गया है। साथ ही मोबाइल सर्विलांस के जरिए भी बदमाशों की तलाश की जा रही है। बदमाश लोकल हैं या बाहरी, यह भी पता लगाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि दुकानदार ने घटना में शामिल एक काले रंग की पल्सर बाइक का नंबर भी बताया है। नंबर के आधार पर भी बदमाशों की तलाश की जा रही है। 

आखिर कहां थी पुलिस
बदमाश भीड़भाड़ वाले इलाके में दस मिनट तक वारदात को अंजाम देते रहे और आसानी से फरार भी हो गए, लेकिन पुलिस को भनक तक नहीं लगी। बाजार में सुरक्षा की दृष्टि से गश्त करने का दम भरने वाली पुलिस की पोल इस घटना से खुल गई। वह कहीं दूर दूर तक नजर नहीं आई। लोगों ने वारदात को लेकर पुलिस पर भी सवालिया निशान खड़े किए हैं। 

 

तहरीर के आधार पर लूट का केस दर्ज कर लिया है। बदमाशों को जल्द पकड़ने की कोशिश की जा रही है। आसपास के लोगों से मामले की जानकारी ली जा रही है। 
नवनीत सिंह, एसपी देहात 

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed