कोटद्वार: बुजुर्ग महिला को गुलदार ने बनाया निवाला, जंगल में बरामद हुआ क्षत-विक्षत शव
- वन विभाग व पुलिस ने जंगल से बरामद किया अधखाया शव
- 26 जनवरी को पास के गांव से लापता थी वृद्धा
विस्तार
उत्तराखंड के कोटद्वार में रिखणीखाल ब्लाक के गजरीजाल गांव निवासी एक बुजुर्ग महिला को गुलदार ने मार डाला। महिला का अधखाया शव जंगल से बरामद किया गया है। सूचना पर गढ़वाल वन प्रभाग की दीवा रेंज के वन कर्मियों और रिखणीखाल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में ले लिया है।
रिखणीखाल ब्लाक की ग्रामपंचायत ढिकोलिया की प्रधान पुष्पा देवी ने बताया कि उनके ग्राम पंचायत के गजरीजाल गांव निवासी सावित्री देवी (90) पत्नी स्व. विजय सिंह गत 26 जनवरी को नजदीक के गांव बालाचौड़ गई थी।
काफी दिन बाद भी उसके नहीं लौटने पर गांव के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की, जिस पर गजरजाल-बालाचौड़ के बीच पैदल रास्ते में ग्रामीणों को वृद्धा का मफलर पड़ा हुआ दिखाई दिया।
उन्होंने अनहोनी की आशंका के चलते वृद्धा की खोजबीन शुरू कर दी, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। सोमवार तीन फरवरी को गांव वालों को वृद्धा का अधखाया शव रेंज के सिविल जंगल में झाड़ियों के बीच पत्थरों की ओट में देखा।
उन्होंने इसकी सूचना दीवा रेंज कार्यालय और रिखीणीखाल थाना पुलिस को दी। रिखणीखाल थाना प्रभारी एसआई प्रमोद शाह ने बताया कि बुजुर्ग महिला का अधखाया शव बरामद कर लिया गया है। संभवत उसको गुलदार ने मारा है। शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए कोटद्वार बेस अस्पताल भेज दिया गया है।