'सीएम हरीश रावत ने रुकवाए बागी विधायकों के क्षेत्र में काम'
पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने उत्तराखंड सरकार पर एक बार फिर हमला बोला। कहा हरीश रावत बागी विधायकों के खिलाफ दमनकारी नीति अपना रहे हैं। उनके क्षेत्र के विकास कार्यों पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। लेकिन वह अपने सभी कार्यों को केंद्र सरकार की मदद से करवाएंगे।
शनिवार को रुड़की कैंप कार्यालय में आयोजित पत्रकारवार्ता के दौरान खानपुर विधायक चैंपियन ने आरोप लगाया कि खानपुर क्षेत्र के लिए उन्होंने 400 करोड़ रुपये के कार्य स्वीकृत करवाए थे।
इन कार्यों में सोलानी नदी के घाट पर आमखेड़ी का पुल, बाणगंगा नदी के घाट पर आमखेड़ी का पुल, लंढौरा में 440 एमवीए का विद्युत संयंत्र, दल्लावाला के लिए राजकीय कन्या डिग्री कालेज, तुगलपुर में राजकीय पॉलीटेक्निक सहित खानपुर विधानसभा के कई विकास कार्य शामिल हैं। लेकिन मुख्यमंत्री ने इन सभी कार्यों पर रोक लगा दी है।
बागी विधायकों को चोट पहुंचाने के लिए हर हथकंडे अपना रहे CM
आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री बागी विधायकों को चोट पहुंचाने के लिए हर हथकंडे अपना रहे हैं। लेकिन मैं झुकने वालों में से नहीं हूं। मैं क्षेत्र की विकास योजनाओं को केंद्र की मदद से पूरा कराऊंगा। इसके लिए वह दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों से गुहार लगाएंगे।
वोटिंग के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे
कांग्रेस के बागी विधायकों को प्रदेश सरकार के गठन के लिए कराए गए फ्लोर टेस्ट में वोट देने का अधिकार तो नहीं मिला लेकिन राज्यसभा सदस्यों के चुनाव की तैयारियां तेज होने पर बागी नए सिरे से चुनाव में वोटिंग के अधिकार के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटा सकते हैं।
चैंपियन ने रुड़की में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान इसके संकेत दिए हैं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि राज्यसभा के लिए उन्हें वोटिंग का अधिकार मिलना चाहिए। इसके लिए अलग से कोर्ट में अपनी बात रखे जाने पर विचार किया जा रहा है। जल्द इस दिशा में कदम उठाया जाएगा।