रुड़की: पूर्व पत्नी के आरोपों पर बोले मोहम्मद शमी, 'उमेश कुमार मेरे भाई, कोई झगड़ा नहीं करा सकता'
क्रिकेटर मोहम्मद शमी और उनकी पूर्व पत्नी हसीन जहां के बीच विवाद को लेकर खानपुर विधायक उमेश शर्मा का नाम भी सामने आया था। शमी की पूर्व पत्नी ने उमेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए थे।
विस्तार
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी बुधवार को खानपुर विधायक उमेश कुमार के नहर किनारा स्थित कैंप कार्यालय पहुंचे। पूर्व पत्नी की ओर से विधायक पर लगाए गए आरोपों के संबंध में सवाल पूछे जाने पर शमी ने कहा, “उमेश कुमार मेरे भाई हैं। कोई मेरे परिवार में झगड़ा नहीं करा सकता।” वहीं, जब उनसे पूछा गया कि उनकी पत्नी विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही हैं तो शमी ने कहा कि जिसे चुनाव लड़ना है, वह लड़े। उन्हें इससे कोई एतराज नहीं है।
उमेश के साथ खेला क्रिकेट
इस दौरान शमी और उमेश कुमार ने साथ में क्रिकेट खेला। शमी ने विधायक को गेंदबाजी कराई। उनके पहुंचने की सूचना पर बड़ी संख्या में प्रशंसक भी कैंप कार्यालय पहुंच गए। प्रशंसकों ने शमी के साथ सेल्फी ली और तस्वीरें खिंचवाईं। शमी ने भी प्रशंसकों का अभिवादन स्वीकार किया। विधायक के साथ उनके रिश्ते को लेकर दिया गया बयान चर्चा में रहा।
UK Big News: मतदाता बनाने का अभियान शुरू, सीएम धामी की बड़ी घोषणा, अबू धाबी में युवक लापता, बच्ची से दुष्कर्म
ये है पूरा मामला
बता दें कि क्रिकेटर मोहम्मद शमी और उनकी पूर्व पत्नी हसीन जहां के बीच विवाद को लेकर खानपुर विधायक उमेश शर्मा का नाम भी सामने आया था। शमी की पूर्व पत्नी ने उमेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए थे। कुछ दिन पहले विधायक उमेश कुमार ने एक सवाल के जवाब में कहा था कि मोहम्मद शमी जल्द रुड़की आएंगे और पूर्व पत्नी से जुड़े आरोपों पर खुद जवाब देंगे। बुधवार को रुड़की पहुंचे शमी ने अपने बयान से उमेश कुमार के साथ रिश्ते को लेकर स्थिति स्पष्ट की।