Kotdwar: नकली दवाओं के ऑनलाइन धंधे का भंडाफोड़; सिडकुल की बंद फैक्टरी में बनाई गई थीं दवाएं, दो लोग गिरफ्तार
टीम को सूचना मिली थी कि ग्रोथ सेंटर सिगड्डी स्थित एक दवा फैक्टरी में नकली औषधियों का निर्माण हो रहा है। इसकी सूचना पर टीम ने फैक्टरी में छापा मारा।
विस्तार
एसटीएफ ने ऑपरेशन फेक पिल चलाकर शुक्रवार को ऑनलाइन चल रहे नकली दवाओं के धंधे का भंडाफोड़ किया है। एसटीएफ ने पहले ऑनलाइन दवा मंगाकर जांच कराई फिर कार्रवाई की। आरोपी संभल निवासी जतिन सैनी और मेरठ के खरखौदा निवासी गौरव त्यागी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
आरोपी देश-विदेश की नामी कंपनियों के नाम से नकली दवाएं बनाकर बेच रहे थे। इन दवाओं को कोटद्वार और रुड़की की बंद पड़ी फैक्टरियों में बनवाया जा रहा था। दोनों फैक्टरियों को सील कर दिया गया है। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ साइबर थाने में धोखाधड़ी, जालसाजी और आईटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई एक गोपनीय सूचना के आधार पर की गई। सूचना मिली थी कि कुछ लोग फेसबुक पर एसके हेल्थकेयर नाम के पेज के माध्यम से ब्रांडेड दवाओं को बेहद कम दामों पर बेच रहे हैं। इस मामले की जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया।
Rudraprayag: वन क्षेत्र में आग लगाता पकड़ा गया व्यक्ति, निगरानी के लिए लगाए ड्रोन में हुआ कैद, मुकदमा दर्ज
टीम ने सबसे पहले खुद इन दवाओं को मंगाया तो सनफार्मा, मैनकाइंड, जाइडस, ग्लेनमार्क आदि कंपनियों की दवाओं के 32 बॉक्स मंगाए गए। इनकी जांच कराई गई तो पता चला कि ये सब दवाएं नकली हैं। ये बॉक्स बिहार के गया और वाराणसी से देहरादून भेजे गए थे। एसटीएफ जांच करते हुए सबसे पहले गौरव त्यागी तक पहुंची। उसने पूछताछ में बताया कि उसकी रुड़की में दवा फैक्टरी थी जो नकली दवाएं बनाने के मामले में पकड़ी गई थी। आजकल वह अपने रिश्ते के भाई मयंक उर्फ मोंटी के साथ मिलकर भगवानपुर क्षेत्र में अलग-अलग ब्रांड की नकली दवाएं बना रहा है।
साथ ही बताया कि कोटद्वार सिडकुल क्षेत्र में भी उन्होंने एक बंद पड़ी फैक्टरी में दवा बनवाई थी। इस फैक्टरी को वह तभी खोलते हैं जब दवाओं का ऑर्डर मिलता है। आरोपी ने बताया कि इस गिरोह का मास्टरमाइंड जतिन सैनी है।
कई राज्यों में फैला है धंधा
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि यह धंधा वह कई वर्षों से कर रहे हैं। शुरुआत में केवल उत्तराखंड और दिल्ली में कुछ लोगों को दवाएं बेची गई थीं। इसके बाद एसके हेल्थकेयर नाम के इस फेसबुक पेज की रीच बढ़ी तो उन्होंने दवाओं को बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, चंडीगढ़, पंजाब आदि में भी सप्लाई करना शुरू कर दिया।