किच्छा: पेट्रोल पंप पर बदमाशों का धावा, गार्ड से बंदूक व सेल्समैन से 1100 रुपये लूट कर फरार
दरऊ रोड पर पुलिस चौकी के निकट आधा दर्जन बदमाशों ने पेट्रोल पंप पर फायरिंग कर दहशत फैला दी। बदमाश पंप के गार्ड से बंदूक व सेल्समैन से 1100 की नगदी लूट कर ले गए। घटना की जानकारी मिलने पर एएसपी देवेंद्र पींचा, सीओ सुरजीत कुमार ने मौके पर पहुंच कर जानकारी ली। पुलिस ने बदमाशों की की तलाश शुरू कर दी है। देर रात एसएसपी बरिंदरजीत सिंह ने मौके पर पहुंच कर घटना की जानकारी ली।
दरऊ रोड पर नगर के प्रमुख व्यवसायी हंसराज डूमरा का हरमिलाप आटो सर्विस के नाम से पेट्रोल पंप है। मंगलवार देर रात साढ़े नौ बजे पंप का सेल्समैन भूपराम पुत्र गंगाराम निवासी बडिंया और सुरक्षा गार्ड ग्राम अदलखिया इज्जतनगर निवासी मोहन लाल ड्यूटी पर थे। इस बीच छिनकी की ओर से आई बिना नंबर की नई नीले रंग की कार पंप पर आई और 200 रुपये का पेट्रोल डलवाया।
जैसे ही सेल्समैन ने तेल डाला तो कार से हाथों में तमंचे लहराते उतरे बदमाशों ने गार्ड मोहन लाल से बंदूक छीनने लगे। इस बीच, अन्य बदमाशों ने सेल्समैन को कब्जे में ले लिया। गार्ड ने विरोध किया तो बदमाश बंदूक छीनकर फायरिंग करते हुए छिनकी की ओर फरार हो गए। बदमाशों ने सेल्समैन से 1100 रुपये भी लूट लिए।
पंप स्वामी का आरोप, देरी से पंहुची पुलिस
पंप स्वामी के पुत्र काकू डूमरा ने बताया कि पंप पर बदमाशों ने जब फायरिंग की तो पंप के बराबर में बनी चाय की दुकान पर आग सेंक रहे दूसरे सैल्समैन मोहित व रोशन लाल पंप की ओर भागे और घटना की जानकारी उन्हें फोन पर दी। बताया कि घटना के काफी देर बाद जब वे अपने पंप पर पहुंचे तो उसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
बदमाशों ने फायरिंग कर दहशत फैलाई
बंदूक लूटने के बाद जब गार्ड ने विरोध किया तो बदमाशों ने फायर कर दहशत फैलाई। बदमाशों के जाने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पंप के बाहरी गेट पर पुलिस को दो जिंदा व एक चला हुआ कारतूस बरामद हुआ है। गार्ड व सेल्समैन के अनुसार सभी बदमाश पंजाबी लग रहे थे और तमंचे लहरा रहे थे।
तलाश को सीसीटीवी कैमरे की फुटेज ली
पुलिस घटना के खुलासे के लिए सीसीटीवी कैमरे की मदद ले रही है। पंप के सीसीटीवी की फुटेज में गार्ड बदमाशों का जमकर विरोध करता दिखाई दे रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की खोजबीन में जुटी है। एएसपी देवेंद्र पींचा ने बताया कि घटना का शीघ्र खुलासा किया जाएगा।