कल से शुरू होगी विश्व प्रसिद्ध कैलाश मानसरोवर यात्रा, पहले दल में जाएंगे 59 तीर्थयात्री
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कैलाश मानसरोवर यात्रा मंगलवार से शुरू हो जाएगी। कैलाश यात्रियों का पहला जत्था दोपहर कुमाऊं मंडल विकास निगम के काठगोदाम स्थित विश्राम गृह में पहुंचेगा, जहां केएमवीएन के अधिकारी यात्रियों का स्वागत करेंगे। पहले दल में 17 महिलाओं समेत 59 यात्री शामिल हैं।
कुमाऊं मंडल विकास निगम के महाप्रबंधक त्रिलोक सिंह मर्तोलिया ने बताया कि विदेश मंत्रालय के निर्णय पर पहली बार कैलाश यात्रियों के प्रत्येक दल के साथ दो-दो जनसंपर्क अधिकारी शामिल किए गए हैं। पर्यटक आवास गृह काठगोदाम के प्रबंधक रमेश चंद्र पांडे ने बताया कि पहले दल के दोपहर दो बजे यहां पहुंचने की संभावना है। यात्रियों की सूची उपलब्ध हो गई है।
यहां आ रहे पहले दल में दिल्ली के अमरनाथ अशोक और चंडीगढ़ के देविंदर सिंह जनसंपर्क अधिकारी हैं। पर्यटक आवास गृह में स्वागत और दोपहर के भोजन के बाद यात्री दल रात्रि विश्राम के लिए अल्मोड़ा को रवाना हो जाएगा।
किस राज्य के कितने यात्री
दिल्ली से 14, उत्तर प्रदेश के 11, राजस्थान से सात, महाराष्ट्र से पांच, हरियाणा से चार, मध्यप्रदेश, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ से तीन-तीन, उत्तराखंड, गुजरात और केरल से दो-दो, जबकि कर्नाटक, तेलंगाना और चंडीगढ़ से एक-एक यात्री।
कैलाश मार्ग पर आईटीबीपी की महिला कमांडो तैनात
कैलाश मानसरोवर यात्रा पर आने वाली महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए आईटीबीपी ने बल की 15 महिला कमांडो की तैनाती की है। कैलाश यात्रा का पहला दल 13 जून की शाम आधार शिविर धारचूला पहुंचेगा। इस बीच, सोमवार को आईटीबीपी की टीम ने उच्च हिमालयी क्षेत्र गुंजी से लिपुपास तक रास्तों का जायजा लिया।
टीम ने अपनी रिपोर्ट आईटीबीपी सातवीं वाहिनी मिर्थी के सेनानी महेंद्र प्रताप सिंह को सौंप दी है। उन्होंने बताया कि उच्च हिमालयी क्षेत्र में रास्ते ठीक हैं। लिपुलेक पास पर अभी बर्फ जमी है। आईटीबीपी ने यात्रा मार्ग पर 15 महिला कमांडो की भी तैनाती की है। महिला कमांडो की टीम गुंजी पहुंच गई हैं। यह टीम गुंजी से लिपुलेक पास तक महिला यात्रियों के साथ चलेगी।
उच्च हिमालयी क्षेत्र में महिला यात्रियों को दुर्गम रास्तों को पार कराने के साथ ही आक्सीजन, माउंटेन सिकनेस आदि समस्या आने पर टीम मदद करेगी। एक महिला यात्री के साथ दो कमांडो रहेंगी। सेनानी महेंद्र प्रताप ने बताया कि 13 जून को मिर्थी में कैलाश यात्रियों को उच्च हिमालयी क्षेत्र में आने वाली दिक्कतों तथा बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
मानसरोवर वन में होगा पौधरोपण
डीडीहाट। कैलाश मानसरोवर यात्री मानसरोवर वन में पौध रोपण करेंगे। सेनानी महेंद्र प्रताप ने बताया कि इसके लिए पौधे गुंजी पहुंचा दिए गए हैं। कुछ पौधे आईटीबीपी मिर्थी में हैं जिन्हें 13 जून को यात्रियों को सौंपा जाएगा। उन्होंने बताया कि यात्रा के लिए पूरी तैयारियां कर ली गई हैं।