संदिग्ध हालात में मृत मिली शिक्षिका के पति का शव भी जंगल में पेड़ से लटका मिला
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में दो दिन पहले संदिग्ध हालात में मृत मिली शिक्षिका के शिक्षक पति का शव पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय से 15 किमी दूर लछैर के जंगल में बांज के पेड़ से लटका मिला। पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही है। एक दिन पहले मृतका के पिता की तहरीर पर पिथौरागढ़ कोतवाली में शिक्षक और उसकी मां के खिलाफ हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था।
दौला निवासी शिक्षिका कामना (33 वर्ष) को परिजन सोमवार की शाम बेसुध हालत में जिला अस्पताल लाए थे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। इस मामले में मृतका के पिता कृष्णानंद भट्ट ने बेटी की हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंपी थी। पिता की तहरीर पर पुलिस ने मृतका के पति शिक्षक नवीन कापड़ी और सास के खिलाफ दहेज हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस जब गिरफ्तारी के लिए शिक्षक नवीन के घर पहुंची तो वह नहीं मिले। मोबाइल से लोकेशन ट्रेस करने के बाद उनके नैनीपातल क्षेत्र में होने का पता चला। इसके बाद ढूंढखोज में नैनीपातल-मड़मानले मार्ग पर लछैर से कुछ दूरी पर खूनागांव के जंगल में नवीन का शव बांज के पेड़ से लटका मिला। उनकी बाइक सड़क पर खड़ी थी।
राजस्व क्षेत्र का मामला होने के कारण प्रभारी राजस्व निरीक्षक चंद्री चंद के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंची। पंचनामा भरने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए पिथौरागढ़ भेजा गया।
राजस्व निरीक्षक के अनुसार, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। शव मोर्चरी में रखा गया है। पोस्टमार्टम बृहस्पतिवार को होगा। 36 वर्षीय शिक्षक नवीन कापड़ी इंटर कॉलेज सातसीलिंग में व्यायाम शिक्षक थे।
मासूम के सिर से उठा मां-बाप का साया
मृतक शिक्षक-शिक्षिका का विवाह 2014 में हुआ था। दोनों की तीन साल की एक बेटी है। घटना से अनजान उस मासूम को नहीं पता कि उसके सिर से माता-पिता दोनों का साया उठ चुका है। इस घटना के बाद से घर में पहुंच रहे लोगों की भीड़ में उस मासूम की नजरें बार-बार माता-पिता को ढूंढने लग जाती हैं। नाते-रिश्तेदारों को इस घटना पर यकीन नहीं हो रहा है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, शिक्षिका कामना की मौत लटकने से हुई थी।
वकील से बातचीत करने की बात कहकर घर से निकले थे नवीन
बताया जा रहा है कि उनके और उनकी मां के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज होने से नवीन काफी परेशान थे। बुधवार सुबह घर से निकलते समय उन्होंने वकील से बातचीत करने के लिए जाने की बात कही थी। इसके बाद वह बाजार न आकर बाइक से सीधे लछैर पहुंच गए, जहां जंगल में बांज के पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली।