पांच दिनों से बंद हेमकुंड साहिब यात्रा दोबारा शुरू
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मूसलाधार बारिश और जगह-जगह मार्ग बंद होने के कारण 17 जुलाई से बंद पड़ी हेमकुंड साहिब की तीर्थयात्रा मंगलवार को सुचारु रूप से शुरू हो गई।
यात्रा सुचारु होने पर गोविंदघाट गुरुद्वारे से दिनभर 130 तीर्थयात्री हेमकुंड साहिब के लिए रवाना हुए। इन तीर्थयात्रियों में से करीब 80 तीर्थयात्री पांच दिनों से जोशीमठ और गोविंदघाट गुरुद्वारे में यात्रा के खुलने का इंतजार कर रहे थे।
सोमवार को जोशीमठ पुलिस टीम और गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी गोविंदघाट के पदाधिकारियों ने हेमकुंड पैदल रूट का स्थलीय सर्वेक्षण किया था। इसके बाद मंगलवार को सुबह छह बजे से यात्रा शुरू कर दी गई और तीर्थयात्रियों को हेमकुंड साहिब भेजा गया।
तीर्थयात्रियों में उत्साह
चंडीगढ़ के गुरुप्रीत सिंह का कहना है कि वे प्रतिवर्ष हेमकुंड साहिब के दर्शनों को पहुंचते हैं, लेकिन इस बार 16 जुलाई की रात्रि को जोशीमठ पहुंचे तो भारी बारिश से हेमकुंड नहीं जा सके। अब धाम की तीर्थयात्रा कर ही लौटूंगा।
पंजाब की बलजीत कौर का कहना है कि वे 17 जुलाई को गोविंदघाट गुरुद्वारे में पहुंच गए थे, लेकिन उन्हें हेमकुंड साहिब जाने की अनुमति नहीं दी गई। अब तीर्थयात्रा शुरू हो गई है तो हेमकुंड में गुरु वाणी सुनकर ही लौटूंगी।
प्रबंधन का है कहना
मंगलवार को 130 तीर्थयात्रियों को गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब के लिए रवाना किया गया है। ये तीर्थयात्री घांघरिया में रात्रि विश्राम के लिए पहुंचेंगे। यहां से छह किमी की पैदल दूरी तय कर बुधवार को तीर्थयात्री हेमकुंड साहिब पहुंचेंगे और दर्शन कर उसी दिन लौट जाएंगे।
-सरदार सेवा सिंह, प्रबंधक, गुरुद्वारा प्रबंधन समिति, गोविंदघाट।