नैनीताल में लगातार पहाड़ी धंसने से बढ़ा खतरा, मौसम विभाग ने जारी किया भारी बारिश का अलर्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नैनीताल के रईस होटल क्षेत्र में पहाड़ी के नीचे से पानी रिसना जारी है। बृहस्पतिवार को कृष्णापुर रोड का लगभग 15 फुट हिस्सा धंस गया। रोड पर जगह-जगह दरारें आ गईं हैं। आशंका है कि यह पूरा ही मार्ग भूस्खलन की चपेट में आ जाएगा।
खतरे को भांपते हुए पुलिस ने यहां आवागमन बंद करा दिया है। रोड धंसने से आसपास के क्षेत्रों को खतरा और बढ़ गया है। दिन भर बोल्डर गिरने के साथ भूस्खलन होने का सिलसिला जारी रहा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में भूस्खलन हो रहा है। बुधवार को धंसी पहाड़ी बृहस्पतिवार को 10 फुट और धंस गई है। कृष्णापुर को जाने वाला रास्ता भी लगातार टूटकर बलियानाले में समाता जा रहा है।
राजधानी में जमकर बरसे मेघ
राजधानी देहरादून में बृहस्पतिवार शाम करीब डेढ़ घंटे तक तेज बारिश हुई। इस दौरान एक घंटे में 42 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि शाम करीब साढ़े पांच बजे से शहर के ज्यादातर क्षेत्रों में हल्की बारिश शुरू हो गई। करीब साढ़े छह से साढ़े सात बजे तक अधिकांश क्षेत्रों में बहुत तेज बारिश हुई।
इस अवधि में मोहकमपुर क्षेत्र में 42 और सर्वे चौक क्षेत्र में 36 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। अचानक तेज बारिश होने से कई सड़कों और कॉलोनियों में पानी भर गया। हालांकि कुछ देर बार बारिश कम होने से लोगों को राहत मिली। उन्होंने बताया कि पूरे दिन में 60 मिमी से अधिक बारिश हुई।
प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में आज भी हल्की बारिश होगी। कई जगह पर भारी बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार प्रदेश के लगभग सभी क्षेत्रों में बारिश होने का अनुमान है। मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि प्रदेश में फिलहाल हल्की से मध्यम बारिश का सिस्टम बना हुआ है। दिन में एक से दो दौर की तेज बारिश हो सकती है।