यात्रीगण कृपया ध्यान दें, इन हिल स्टेशनों में वीकेंड पर बरसेगा बादलों का 'कहर'
इस वीकेंड देश के कुछ हिल स्टेशनों पर बादलों का कहर बरसने की चेतावनी है। मौसम विभाग द्वारा भी शनिवार और रविवार के लिए अलर्ट जारी किया गया है।
ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे घोलतीर पर मलबा आने से शुक्रवार रात से बंद पड़ा है। मौसम विभाग ने आगामी दो दिन उत्तराखंड के गढ़वाल मंडल के सात जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही सूबे के अन्य हिस्सों में भी बादल छाए रहेंगे और बारिश होगी।
बारिश की वजह से सड़कें बंद हो सकती हैं। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि 29 और 30 जुलाई को गढ़वाल मंडल में कई जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।
शनिवार की सुबह से भारी बारिश का असर शुरू हो जाएगा। बारिश की वजह से पहाड़ की कई सड़कों पर मलबा आ सकता है। प्रशासन को भी अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
पिथौरागढ़ में भारी बारिश का अलर्ट जारी
जिला आपदा प्रबंधन विभाग ने मौसम विभाग से मिले पूर्वानुमान के आधार पर शनिवार से अगले तीन दिन तक पिथौरागढ़ जिले में भारी बारिश का अलर्ट जारी कर दिया है।
31 जुलाई तक होने वाली बारिश के दौरान कुछ स्थानों पर भूस्खलन की आशंका हो सकती है।
अपर जिलाधिकारी मोहम्मद नासिर ने सभी उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों और सड़कों की देखरेख करने वाले विभागों से असामान्य बारिश की स्थिति पर अलर्ट रहने को कहा है।
घर में घुस गया बरसात का पानी
वहीं कोटद्वार बृहस्पतिवार तड़के हुई भारी बारिश से पुराना सिद्धबली मार्ग गाड़ीघाट निवासी एक व्यक्ति के घर में बरसात का पानी घुस गया, जिससे मकान को नुकसान पहुंचा है। पीड़ित परिवार ने तहसील और जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर सड़क के पानी की निकासी व्यवस्था करने की मांग की है।
भवन स्वामी भरोसा सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह हुई भारी बारिश से सड़क और आसपास का पानी उनके मकान में घुस गया। कहा कि उनका घर तहसील के पीछे है, जहां पर देश की एक निजी संचार कंपनी ने लाइन बिछाने के लिए खुदान किया है। सड़क किनारे निकासी व्यवस्था न होने के कारण पूरा पानी उनके घर में घुस गया।
इस की जानकारी नगर पालिका और तहसील प्रशासन को भी दे दी गई है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने तहसील प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि बारिश से फिर उनके मकान को कोई क्षति पहुंचती तो वह तहसील में भूख हड़ताल पर बैठने को बाध्य होंगे। उन्होंने आपदा से जुड़े इस मामले में अविलंब सड़क के किनारे निकासी की व्यवस्था बनाने की मांग की। एसडीएम राकेश तिवारी ने कहा कि मामले को दिखवाया जा रहा है।