हरिद्वार: बुजुर्ग दंपती हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, मुठभेड़ के बाद आरोपी गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरिद्वार में रानीपुर कोतवाली के शिवालिक नगर में भेल से डीजीएम के पद से सेवानिवृत्त अधिकारी और उनकी पत्नी के हत्याकांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसका साथ देने वाले एक अन्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने लूट और दोहरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने आरोपियों से लूटा सामान भी बरामद किया है।
एसएसपी सैंथिल अबूदई कृष्णराज एस ने बताया कि शिवालिक नगर में हुए दोहरे हत्याकांड के बाद सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर 26 अक्तूबर को एक आरोपी विपिन कुमार निवासी अंतवाडा कोतवाली खतौली मुजफ्फरनगर को गन्ना सोसायटी कार्यालय खतौली से गिरफ्तार कर लिया गया था।
विपिन ने पुलिस को बताया कि 12 अक्तूबर की रात उसने अपने एक अन्य साथी सतेंद्र के साथ मिलकर लूट के इरादे से शिवालिक नगर में बुजुर्ग पीएस अग्रवाल और उनकी पत्नी गायत्री उर्फ बीना अग्रवाल की हत्या कर दी थी। आरोपी विपिन ने बताया कि सतेंद्र आजकल सलेमपुर में रहा है। वह सुबह के समय अक्सर रेगुलेटर पुल के पास आता है। पुलिस ने मंगलवार की तड़के रेगुलेटर पुल के पास आरोपी सतेंद्र की तलाश की।
रेगुलेटर पुल की तरफ से एक बाइक तेजी से आती दिखाई दी। पीछा किया तो बाइक रेगुलेटर पुल के पास खेत में जाकर फंस गई। आरोपी बाइक को छोड़कर खेतों की ओर भागने लगा। जब पुलिस ने उसका पीछा किया तो पुलिस पर फायर कर दिया। आत्मसमर्पण के लिए कहने पर भी आरोपी ने पुलिस पर फायर किया। जवाब में पुलिस ने समानांतर फायर किया तो कुछ ही देर बाद आरोपी की ओर से फायर बंद हो गए। पुलिस खेत में पहुंची तो आरोपी घायल पड़ा था।
सीसीटीवी से हुआ दोहरे हत्याकांड खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपने पैर में गोली लगने की बात कही और अपना नाम सतेंद्र उर्फ धर्मेंद्र निवासी नगली थाना सकौती मुजफ्फरनगर बताया। आरोपी ने शिवालिक नगर में हुए दोहरे हत्याकांड को अंजाम देने की बात स्वीकार की। एसएसपी ने बताया कि गोली लगने से घायल हुए आरोपी का एम्स में उपचार कराया जा रहा है। पुलिस ने पुलिस दोनों आरोपियों के कब्जे से लूट गया सामान भी बरामद किया है।
दोहरे हत्याकांड का पर्दाफाश करने में सीसीटीवी कैमरे की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। दोहरे हत्याकांड के खुलासे को लेकर पुलिस ने करीब एक हजार सीसीटीवी फुटेज निकालकर देखा। एसएसपी सेंथिल अबूदई कृष्णराज एस ने बताया कि बुजुर्ग की हत्या के खुलासे को लेकर सीसीटीवी कैमरे में की फुटेज के आधार पर 26 अक्तूबर को एक आरोपी विपिन कुमार को खतौली से गिरफ्तार कर लिया गया था। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद की थी।