जब वेडिंग प्वाइंट में घुस गया गुलदार...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देहरादून में सोमवार को दिन दहाड़े एक गुलदार वेडिंग प्वाइंट में घुस गया। गुलदार ने समारोह के लिए हाल देखने आई महिला प्रधानाचार्य पर हमला कर दिया।
साथ चल रहे डीजे संचालक और साथी ने किसी तरह उन्हें बचाया और बाहर निकलते ही हाल का दरवाजा बंद कर दिया।
वेडिंग प्वाइंट में कैद गुलदार देर रात तक निकाला नहीं जा सका था। घायल प्रधानाचार्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रेमनगर के स्पेशल विंग स्थित उत्तरांचल वेडिंग प्वाइंट में शाम पौने चार बजे तक सब कुछ सामान्य था।
स्कूल के कार्यक्रम के लिए हॉल देखने गई थीं प्रधानाचार्य
डीजे संचालक नदीम कुरैशी और पांच अन्य कर्मचारी वेडिंग प्वाइंट में आयोजन की तैयारियों में लगे थे।
इस बीच महर्षि विद्या मंदिर की प्रधानाचार्य किरण जोशी सात और आठ अगस्त को प्रस्तावित स्कूल के समारोह के लिए वेडिंग प्वाइंट का हाल देखने पहुंची।
नदीम अपने एक साथी संग उन्हें हॉल दिखाने ले गए। वे भीतर दाखिल ही हुए थे कि भीतर छिपे गुलदार ने हमला कर दिया। गुलदार किरण की ओर झपटा और उनका एक हाथ जख्मी कर दिया।
गुस्से में दहाड़ मारने लगा गुलदार
नदीम और साथी ने किसी तरह किरण को गुलदार के चंगुल से छुड़ाकर बाहर खींचा। तीनों ने शोर किया तो गुलदार पीछे हट गया।
नदीम और साथी किरण को लेकर तेजी से बाहर निकले और हॉल का गेट बाहर से बंद कर दिया। किरण को तुरंत सिनर्जी अस्पताल भेज दिया गया।
उधर, हाल में कैद हुए गुलदार गुस्से में दहाड़ें मारने लगा। उसकी आवाजें सुन आसपास के लोग भी वेडिंग प्वाइंट के बाहर जुट गए। सूचना पर पुलिस भी पहुंची और लोगों को गेट से हटाकर ताला लगा दिया। देर रात तक गुलदार को निकाला नहीं जा सका था।
बेबस रहा वन विभाग
वेडिंग प्वाइंट में गुलदार के घुसने की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर तो पहुंची, लेकिन उसके पास न तो संसाधन थे न ही गुस्साए गुलदार का सामना करने की हिम्मत।
वन विभाग के रेंजर आरपी सिंह नेगी शाम करीब छह बजे कर्मचारियों को लेकर वेडिंग प्वाइंट पर पहुंचे थे। टीम पिंजरा लेकर भी आई थी, लेकिन किसी कर्मचारी ने वेडिंग प्वाइंट के भीतर घुसने की हिम्मत नहीं दिखाई।
टीम काफी देर तक वेडिंग प्वाइंट के बाहर ही पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़ने का ड्रामा करती रही। टीम का रवैया देखकर लोग भड़क गए। उन्होंने सवाल किए तो वन कर्मी जवाब नहीं दे सके।
इस पर गुस्साए लोगों ने रेंजर का घेराव कर दिया। पुलिस ने किसी तरह उन्हें शांत किया। इसके बाद रात को मेडिकल टीम मौके पर बुलाई गई, लेकिन फिर भी कवायद पिंजरा लगाकर छोड़ने से आगे नहीं बढ़ी।
रात करीब नौ बजे दूसरा बड़ा पिंजरा भी मंगा लिया गया। इसके बाद भी देर रात तक वन विभाग यह रणनीति नहीं बना सका था कि वेडिंग प्वाइंट के हाल का गेट खोलकर गुलदार को बाहर कैसे निकाला जाए।