युवक को आधे से ज्यादा खा गया गुलदार, खून से लतपथ शव देख सहम गए वनकर्मी
रायवाला-हरिद्वार नेशनल हाइवे किनारे खांड गांव पुलिया के पास जंगल में गुलदार ने एक युवक को निवाला बना लिया। शव को गुलदार ने जगह-जगह से खा रखा है, जहां गले में गुलदार के पंजों के कई निशान हैं तो वहीं एक पैर का 30 फीसदी हिस्सा गुलदार खा गया।
घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वनकर्मियों ने शव को कब्जे में लेकर उसे रायवाला पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। शव का पंचनामा भर उसे मोर्चरी में रखवा दिया गया है। पुलिस ने युवक की पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं।
राजाजी नेशनल पार्क की मोतीचूर रेंज अधिकारी विकास रावत के मुताबिक मंगलवार सुबह खांड गांव में स्थानीय लोग रोजाना की तरह सुबह की सैर पर निकले थे। तभी उन्हें नेेशनल हाईवे के किनारे खांड गांव पुलिया के पास कुछ पंजों के निशान मिले, जिसकी जानकारी उन्होंने वनकर्मियों को दी।
गुलदार को पकड़ने के प्रयास तेज
मौके पर पहुंचे वनकर्मियों ने पंजों के आधार पर जब छानबीन शुरू की तो सड़क से करीब 50 मीटर अंदर जंगल से युवक का लहू लुहान शव बरामद हुआ। आसपास के लोगों से शव की पहचान कराने की कोशिश की गई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। वनकर्मियों ने रायवाला पुलिस को सूचित कर शव उनके सुपुर्द कर दिया।
थाना पुलिस ने समीपवर्ती थाना क्षेत्रों की पुलिस को इस बाबत सूचित कर दिया है। पुलिस स्थानीय स्तर पर भी युवक की शिनाख्त के प्रयास में जुटी है। एसआई रायचंद पुरसोड़ा ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 32 वर्ष है। मृतक के कपड़ों की तलाशी में पहचान संबंधी कोई कागज बरामद नहीं हुआ है।
गुलदार को पकड़ने के प्रयास तेज
घटना के बाद राजाजी टाइगर रिजर्व प्रशासन भी सकते में आ गया है। दोपहर बाद राजाजी टाइगर रिजर्व देहरादून के डायरेक्टर सनातन घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि आदमखोर गुलदार को पकड़ने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। इसके लिए अतिरिक्त फोर्स लगा दी गई है।