गेस्ट टीचरों का सीएम आवास कूच, पुलिस से धक्का-मुक्की में पांच बेहोश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लंबित मांगों को लेकर आंदोलनरत गेस्ट टीचरों ने बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री आवास कूच किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें बैरिकेडिंग लगाकर सचिवालय से पहले ही रोक लिया। जहां पुलिस और प्रदर्शनकारी शिक्षकों के बीच धक्का-मुक्की हुई। इसमें पांच महिला गेस्ट टीचर बेहोश हो गईं। इन्हें इलाज के लिए दून अस्पताल पहुंचाया गया। मुख्यमंत्री ने गेस्ट टीचरों को वार्ता के लिए बुलाया है।
स्कूलों में सभी 6200 गेस्ट टीचरों को तैनाती और सुरक्षित भविष्य की मांग को लेकर आंदोलनरत गेस्ट टीचरों ने परेड ग्राउंड से सचिवालय कूच किया, लेकिन पुलिस ने गेस्ट टीचरों को सुभाष रोड में बैरिकेडिंग लगाकर रोक लिया। जहां पुलिस और गेस्ट टीचरों में धक्का-मुक्की हुई।
पुलिस के साथ हुई धक्का-मुक्की में गेस्ट टीचर डॉ. रेनू गुप्ता, कविता शर्मा, वीरा मैंदोली, सुशील रावत और कन्नू रावत बेहोश हो गईं। बेहोश गेस्ट टीचरों को 108 से दून अस्पताल पहुंचाया गया। गेस्ट टीचर संगठन के मीडिया प्रभारी दौलत जगूड़ी ने कहा कि गेस्ट टीचरों को सीएम ने वार्ता के लिए बुलाया है। मुख्यमंत्री आवास कूच करने वालों में अध्यक्ष विवेक यादव, विजय पोखरियाल, राजपाल रावत, हरीश आर्य, ललित डंगवाल, दुर्गा गुनसोला, अमृता नौटियाल आदि शामिल रहे।
मानदेय न मिलने पर भड़के पीटीए शिक्षक
मानदेय की मांग को लेकर आंदोलनरत अशासकीय विद्यालयों में मानदेय से वंचित पीटीए शिक्षकों का गुस्सा फूट पड़ा। गुस्साए शिक्षकों ने परेड ग्राउंड में प्रदर्शन कर धरना दिया।
बृहस्पतिवार को परेड ग्राउंड में एकत्र हुए शिक्षकों ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार आश्वासन के बाद उनकी मांगों की अनदेखी कर रही है। पूर्व में प्रदेश सरकार की ओर से 1500 रुपये मानदेय पा रहे शिक्षकों को दस हजार रुपये मानदेय का आश्वासन दिया गया था।
विभागीय अधिकारियों को इसके निर्देश दिए गए, लेकिन अब तक उन्हें मानदेय की परिधि में शामिल नहीं किया गया। प्रदर्शन करने वालों में सुशीला, संगीता, मंजू, ऊषा पंवार, विनोद नौटियाल, पवन, कपिल, विनय शर्मा, मधु नौटियाल, कांता कंडारी, बेबी कश्यप आदि शामिल रहे।