चुनाव 2022: दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल 19 सितंबर को आएंगे उत्तराखंड, फिर कर सकते हैं कोई बड़ी घोषणा
Uttarakhand Election 2021: आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए आम आदमी पार्टी ने बूथ संकल्प, आप विकल्प अभियान तेज कर दिया है। आप का दावा है कि इस अभियान को लोगों को भारी समर्थन मिल रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल 19 सितंबर को उत्तराखंड आएंगे। आम आदमी पार्टी ने अपने ट्वीटर हैंडल से सीएम केजरीवाल के उत्तराखंड दौरे की जानकारी जारी की। केजरीवाल का यह पहला हल्द्वानी दौरा है। इससे पहले वह दो बार देहरादून आ चुके हैं।
उन्होंने अपने दो दौरों में बिजली गारंटी के तहत 300 यूनिट प्रतिमाह बिजली देने की घोषणा के साथ ही कर्नल अजय कोठियाल को सीएम पद का चेहरा घोषित किया था। साथ ही उन्होंने उत्तराखंड को अध्यात्मिक राजधानी बनाने की भी घोषणा की थी। अब तीसरे दौरे में वह फिर कोई बड़ी घोषणा कर सकते हैं।
उत्तराखंड: आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एसएस कलेर ने दिया इस्तीफा, सीएम धामी की सीट से लड़ेंगे चुनाव
आप ने तेज किया बूथ संकल्प, आप विकल्प अभियान
आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए आम आदमी पार्टी ने बूथ संकल्प, आप विकल्प अभियान तेज कर दिया है। आप का दावा है कि इस अभियान को लोगों को भारी समर्थन मिल रहा है। अभियान के तहत कई लोग पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर चुके हैं। आप चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष दीपक बाली ने कहा कि 20 सालों में कांग्रेस, बीजेपी ने प्रदेश को लूटने का काम किया है। जिससे अब जनता तीसरा विकल्प चुनने का मन बना चुकी है। प्रदेश में आज भी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, रोजगार, पलायन, स्वास्थ जैसे गंभीर मुद्दे आज भी जस के तस हैं।
कर्नल कोठियाल ने हरिद्वार में लिया संतों से आशीर्वाद
आम आदमी पार्टी से सीएम प्रत्याशी कर्नल(रिटायर्ड) अजय कोठियाल ने मंगलवार को हरिद्वार पहुंच कर संतों से मुलाकात कर उत्तराखंड नव निर्माण के अपने संकल्प के लिए आशीर्वाद लिया। देर शाम कनखल हरिद्वार पहुंच कर कर्नल कोठियाल ने जगतगुरु आश्रम में जगत गुरु शंकराचार्य राज राजेश्वर महाराज से मिलकर आशीर्वाद लिया।
कर्नल कोठियाल के साथ आप सहप्रभारी राजीव चौधरी, आप चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष दीपक बाली भी मौजूद रहे। इसके बाद कर्नल कोठियाल ने आचार्य महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 कैलाश आनंद गिरि महाराज, निरंजन पीठाधीश्वर से मिलकर आशीर्वाद लिया। इस दौरान महामंडलेश्वर ललिता नंद गिरी भी वहां मौजूद रहे।
भाजपा के चुनाव प्रभारियों का दो दिवसीय दौरा 16 से
उत्तराखंड भाजपा के चुनाव प्रभारी प्रहलाद जोशी दो सह चुनाव प्रभारियों के साथ 16 सितंबर को देहरादून आएंगे। दो दिवसीय दौरे के दौरान वह जिलाध्यक्षों, प्रदेश संगठन के पदाधिकारियों के अलावा मंत्रियों, विधायकों और कोर ग्रुप के साथ बैठकें करेंगे, जिनमें विधानसभा चुनाव की रणनीति बनाई जाएगी।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने चुनाव प्रभारियों के दौरा तय होने की जानकारी दी। उनके मुताबिक, चुनाव प्रभारियों के स्वागत की तैयारियां शुरू हो गई हैं। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर चुनाव प्रभारी व सह चुनाव प्रभारियों का भव्य स्वागत किया जाएगा।
बता दें कि पार्टी केंद्रीय नेतृत्व ने केंद्रीय संसदीय कार्यमंत्री प्रल्हाद जोशी को प्रदेश चुनाव प्रभारी और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सरदार आरपी सिंह व सांसद लॉकेट चटर्जी सह प्रभारी बनाया है। चुनाव प्रभारी व सह प्रभारियों का यह पहला उत्तराखंड दौरा है। कौशिक के मुताबिक, चुनाव प्रभारियों का जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत होगा। प्रदेश पार्टी कार्यालय में दो दिन बैठकों के दौर चलेंगे। जिलाध्यक्षों, प्रदेश पदाधिकारियों, मंत्रियों के साथ बैठक होगी। टोली बैठक और कोर ग्रुप के साथ भी बैठकें होंगी।
प्रदेश महामंत्री संगठन ने तैयारियों का लिया जायजा
पार्टी ने चुनाव प्रभारी व सह प्रभारियों के उत्तराखंड आगमन पर भव्य स्वागत तैयारी शुरू कर दी है। मंगलवार को प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय व प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने महानगर व देहरादून जिले के पदाधिकारियों के साथ तैयारी बैठक ली। इसमें प्रभारियों के आगमन पर भव्य स्वागत कार्यक्रम की योजना बनाई गई।
बैठक में राजपुर विधायक खजान दास, उमेश शर्मा काऊ, विनोद चमोली, डॉ. देवेंद्र भसीन, विनय गोयल, आदित्य चौहान, सीताराम भट्ट, पुनीत मित्तल, नीरू देवी, मधु भट्ट, कौस्तुभा नंद जोशी, मनवीर सिंह चौहान, नवीन ठाकुर, सिद्धार्थ अग्रवाल सहित देहरादून महानगर के पदाधिकारियों ने भाग लिया।