एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय की टीम ने भोपाल मध्य प्रदेश में चल रही पांच दिवसीय खेल प्रतियोगिता के तीसरे दिन विभिन्न प्रतियोगिताओं में जीत हासिल करते हुए चार स्वर्ण, पांच रजत, दो कास्य समेत 11 पदक झटके। स्कूल की टीम की ओर से सोहन सिंह ने टेबिल टेनिस, मानसी ने ताइक्वांडो, प्रियांशी ने तीरंदाजी, मोहित ने गोला फेंक में स्वर्ण पदक हासिल किया जबकि, अंजली और मनोज ने तीरंदाजी, नम्रता, मोहित और रखी ने टेबिल टेनिस में रजत पदक हासिल किया। कृष ने ताइक्वांडो, प्रियांशु ने तीरंदाजी में कास्य पदक हासिल किया। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्कूल के 151 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। छात्रों की इस उपलब्धि पर प्राचार्य डॉ. जीसी बडोनी और उप प्राचार्य सुधा पैन्यूली ने उन्हें शुभकामनाएं दी। छात्र शारीरिक शिक्षक भीम सिंह नेगी के नेतृत्व में इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं।
टीम में एस्कार्ट के रूप में संदीप कुमार, अमीरता रावत, दीपिका डबराल, चांदनी रावत, आशुतोष भट्ट, नीरज मेहता, गंगेश भंडारी भी शामिल हैं।